प्रदेश

पति ने भाई बनकर पत्नी की नकली शादी कराई, लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दा फाश

अशुयश पुरोहित
 खरगोन २२  जुलाई ;अभी तक;  मध्य प्रदेश की खरगोन कोतवाली पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश किया है। इसमें पति ने अपनी पत्नी का भाई बनकर उसकी शादी राजस्थान में करा दी। पुलिस ने राजस्थान निवासी व्यक्ति के विरुद्ध भी महिला की खरीद फ़रोख़्त का मामला दर्ज किया है।
खरगोन कोतवाली के प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पुलिस ने कुंदा नगर निवासी निखिल सांवले और उसकी पत्नी दीपिका को आज गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को दीपिका की बिटनेरा निवासी ममता बाई कोतवाली पहुंची और उन्होंने बताया कि दीपिका 15 जुलाई से घर से लापता है। ममता बाई ने बताया कि यह बात उनके दामाद निखिल ने बताई है। उन्होंने निखिल पर ही दीपिका को गायब करने की शंका जाहिर की थी। पुलिस हरकत में आई और जल्द ही दीपिका को जल्दी ही ढूंढ निकाला गया।
पुलिस ने निखिल और दीपिका को हिरासत में लेकर  पूछताछ की। इस पर दीपिका ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि निखिल सांवले ने अपने साथियों रोहित सोलंकी निवासी रहीमपुरा, एडु मामा निवासी गांधीनगर ,सक्कू बाई निवासी रहीमपुरा और निर्मल आर्य निवासी कुंजारी के साथ नकली शादी की योजना बनाई।
इसके तहत दीपिका की नकली शादी राजस्थान के टोकर निवासी दीपक से दो लाख रु लेकर कर दी गई। उन्होंने दो लाख रु आपस में बांट लिए।
 कुछ दिन बाद निखिल दीपिका का भाई बनकर आया और उसने बताया कि एक रिश्तेदार का एक्सीडेंट हो गया है। दीपिका के ससुराल वालों ने उसे निखिल के साथ भेज दिया। इसके बाद दीपिका वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने दीपिका और निखिल के विरुद्ध  बीएनएस की धारा 143, 61 और 144 के तहत अपराध दर्ज किया और उन्हें आज न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उन्होंने बताया कि निखिल और दीपिका ने पूर्व में भी इस प्रकार की दो अन्य घटनाएं की है। निखिल का पुलिस रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया की टोकर निवासी दीपक के विरुद्ध भी दो लाख रु में महिला की खरीद फ़रोख़्त और उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 144 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। उसने दीपिका के चले जाने के बाद पुलिस को सूचित भी नहीं किया था।

Related Articles

Back to top button