प्रदेश

पुलिस की तिरंगा यात्रा में दिखा देश भक्ति का जज्बा 

मोहम्मद सईद
शहडोल, 14 अगस्त अभीतक। भारत की स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान एवं आजादी के रंग, खाकी के संग अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को शहडोल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में नवागत पुलिस महानिरीक्षक शहडोल अनुराग शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक सुश्री सविता सोहाने, कलेक्टर शहडोल केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
नन्ही बालिका भी हुई शामिल
इस रैली में जहां बारिश की रिमझिम फुहार के बीच सभी उमंग के साथ चल रहे थे, वहीं रैली में पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक की नन्ही सुपुत्री मेधिरा ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वे हाथों में तिरंगा झंडा लिए देशभक्ति के जज्बे से ओत-प्रोत होकर सभी वरिष्ठों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही थीं।
गांधी चौक से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक शहडोल के नेतृत्व में गांधी चौक से हुआ। तिरंगा
यात्रा गांधी चौक से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्ग से गुजरते हुए सब्जी मंडी, गंज, पंचायती मंदिर, पुराना
गांधी चौक, शिवम चौक, जैन मंदिर एवं न्यू गांधी चौक पर समाप्त हुई। आजादी के इस महापर्व पर राष्ट्रध्वज तिरंगे के सम्मान में पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान एवं आजादी के रंग, खाकी के संग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी प्रकार अनुभाग धनपुरी क्षेत्रांतर्गत भी पुलिस द्वारा बाईक तिरंगा रैली निकाली गई। इस तिरंगा रैली में एसडीओपी धनपुरी अभिनव मिश्रा, थाना प्रभारी धनपुरी खेम सिंह, थाना बुढार बुढार संजय
जायसवाल, थाना प्रभारी खैरहा दिलीप सिंह, थाना प्रभारी अमलाई जय प्रकाश नारायण शर्मा
एवं थाना प्रभारी जैतपुर राम कुमार गायकवाल सहित धनपुरी अनुभाग के समस्त थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button