प्रदेश

मुंबई-दिल्ली एटलेन एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी 

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम,15 जुलाई ;अभी तक;  मुंबई-दिल्ली एटलेन एक्सप्रेस-वे असुरक्षित होता जा रहा है| महंगा टौल टैक्स चुकाने के बाद भी इससे गुजरने वाले लोग सुरक्षित नहीं है। एक्सप्रेस वे से निकलने वाले वाहनों पर पथराव की घटनाए हो रही है| रविवार रात पथराव से कई वाहनों के कांच टूट गए और एक व्यक्ति घायल हो गया। शिवगढ़ पुलिस प्रकरण दर्ज कर तहकीकात कर रही है|
                            एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि रविवार रात बारह बजे बाद जिला मुख्यालय रतलाम से करीब 25 किलोमीटर दूर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बायड़ी के समीप अज्ञात बदमाशों ने पथराव किया। इससे एक ट्राला, पांच कारों तथा अन्य वाहनों के कांच टूटने की जानकारी मिली है। पथराव से वाहन सवार 35 वर्षीय जितेंद्र पाटीदार निवासी ग्राम अमलेटा घायल हो गया। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पथराव की सूचना पर शिवगढ़ थाने से पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में पथराव करने वालों की खोजबीन की, लेकिन वे नहीं मिले। शिवगढ़ थाना पर जितेंद्र पाटीदार की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
                           ज्ञातव्य है कि एटलेन एक्सप्रेस वे पर पूर्व में रावटी थाना क्षेत्र के पास माही नदी की पुलिया और झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में रात के समय पथराव की घटनाएं हुई है। रतलाम ग्रामीण के पूर्व विधायक दिलीप मकवाना के वाहन पर भी फरवरी 2024 के पहले सप्ताह में माही नदी की पुलिया के पास पथराव किया गया था| जावरा के भाजपा नेता प्रदीप चौधरी की कार पर भी पथराव हो चूका है ।

Related Articles

Back to top button