प्रदेश

सीवरेज की सफाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक की मौत, एक घायल, सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन किया, नगर निगम देगा 5 लाख की मदद 

अरुण त्रिपाठी
रतलाम,16 सितंबर ;अभी तक ;   सीवरेज की सफाई के दौरान रविवार रात सड़क के नीचे मिटटी धंसने से एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। इस घटना के विरोध में सोमवार को नगर निगम और ठेका सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। नगर निगम से मृतक के परिजनों को 5 लाख रूपए की सहायता देने की घोषणा की गई है |
                                    सालाखेड़ी चौकी प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि रतलाम के दिलीप नगर में सीवरेज लाइन साफ करने के लिए रविवार को जेसीबी से खुदाई के बाद 10 फीट गहरा गड्‌डे में दो ठेका कर्मचारी काम कर रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे मिटटी धंसी और मिट्‌टी-पत्थर कर्मचारियों के ऊपर गिरे| इससे दोनों दब गए। दोनों कर्मचारियों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 26 वर्षीय सुनील पिता मुन्नालाल गौहर निवासी सैफी नगर रतलाम को मृत घोषित कर दिया। 28 वर्षीय बहादुर पिता हेमराज डामोर निवासी हरथल थाना रावटी का इलाज जारी है।
                                       पुलिस ने सोमवार को मृतक का पोस्ट मार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया | मामले की जांच की जा रही है।नगर निगम से जानकारी मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी | इधर सोमवार को ठेका कंपनी के सफाई कर्मचारियो ने नगर निगम में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेता कमल भाटी ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को गड्‌ढे में उतारते समय ठेका कंपनी ने सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा। हेलमेट और अन्य साधन होते, तो सुनील की जान नहीं जाती।उन्होंने मृतक सुनील के परिजन को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
                                       प्रदर्शन की सूचना पर आए मध्यप्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने को बड़ी लापरवाही बताया। उनके साथ सर्किट हाउस में बैठक के बाद महापौर प्रहलाद पटेल ने नगर निगम की और से मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सुनील की पत्नी को आउटसोर्स से नौकरी देने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्‌ट ने बताया कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button