प्रदेश

करंट दौड़ रहे तार को पार करने वाले गिरफ्तार, 8 फरार आरोपियों में कबाड़ी भी शामिल

मोहम्मद सईद
शहडोल, 17 जुलाई अभी तक। कोईलांचल क्षेत्र में सक्रिय कबाड़ी बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहे तार को भी पार करने लगे थे। हाई टेंशन लाइन के तार को चोरी करने वाले चोरों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ ही पुलिस को भी परेशान कर रखा था। लाखों का तार चोरी हो जाने की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों ने बुढ़ार पुलिस से की थी। पुलिस इन चोरों पता लगाने में जुटी थी, तभी काफी मशक्कत के बाद आखिरकार बुढ़ार पुलिस को इन चोरों तक पहुंचने में कामयाबी मिल गई। पुलिस ने जब दो चोरों को हिरासत में लिया तब पता चला कि इस गिरोह ने लाखों रुपए का कई हजार मीटर तार चोरी कर उसे कबाड़ियों को बेच दिया। इस गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 8 आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों में कई चर्चित कबाड़ी भी शामिल हैं जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है।
                                 पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक द्वारा धनपुरी अनुभाग के थानों की समीक्षा की गई थी। पुलिस अधीक्षक ने तार चोरी के प्रकरण में गंभीरता पूर्वक विवेचना करते हुए माल मसरूका जप्त करने के थाना प्रभारी बुढार को विस्तृत निर्देश दिये गये थे। जिसके पालन में बुढार पुलिस ने कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की है।
यहां से तार हुए थे चोरी
                                      बुढार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिजली विभाग धनपुरी के जेई द्वारा हाउसिंग बोर्ड नर्मदागंज से 22 जून को अज्ञात चोरों द्वारा तार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 379 कायम कर विवेचना में लिया। इसी प्रकार 13 जुलाई को बिजली विभाग के ए ई बुढार के द्वारा रिपोर्ट की गई थी कि अतरिया टोला में अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत लाईन (तार) की चोरी की गई है, जिस पर धारा 303 (2) बीएनएस प्रकरण का कायम कर विवेचना में लिया गया। बुढ़ार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि अंजनी चौधरी पिता बब्बू चौधरी उम्र 24 वर्ष और बादल उर्फ रवि चौधरी पिता छविदास चौधरी उम्र 26 वर्ष दोनों निवासी ग्राम छांटा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 किलो ग्राम तार कीमत 3 लाख रूपये, 20 किलो ग्राम तार और पिकअप वाहन कीमत 7 लाख रूपये कुल कीमत 10 लाख रूपए बरामद किया है।
यह कबाड़ी हैं आरोपी
                                    थाना प्रभारी श्री जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियो से पूंछताछ के दौरान उन्होंने अपने साथियों अरूण चौधरी, राज चौधरी और राहुल चौधरी सभी निवासी छांटा के साथ मिलकर चोरी करना एवं चोरी का मॉल कबाडियो को बेचना बताया। जिस पर कबाड़ी अनीश, कबाड़ी लल्लू नौरोजाबाद, कबाड़ी राजा चौधरी, कबाडी बोग्गा उर्फ विजय और कबाडी गुड्डा को भी आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यह सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
                                  पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक के निर्देशन में उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बुढ़ार संजय जायसवाल के नेतृत्व में गिरीश शुक्ला, नवीन सिंह, आरक्षक शिशिर, आरक्षक आशीष तिवारी, अक्षय, लखन पटले और मयंक मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button