विदेश

15 राज्यों में 30 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट

UP-MP समेत 6 राज्यों में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंची; दक्षिण भारत में बारिश की आशंका
देश के 15 राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने की आशंका है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ जगहों पर विजिबिलिटी जीरो हो गई है। उधर, दक्षिण भारत में 31 दिसंबर तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और लक्षद्वीप में आज से अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

<strong>दिल्ली में 30 फ्लाइट लेट</strong>
दिल्ली के पालम में मंगलवार (26 दिसंबर) सुबह 5:30 बजे जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। लो विजिबिलिटी के कारण IGI एयरपोर्ट पर 30 फ्लाइट्स लेट हो गईं। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक 11 फ्लाइट्स को जयपुर और एक विमान लखनऊ डायवर्ट किया गया। रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनें भी लेट हुई हैं।

मध्य प्रदेश में दो दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट है। गुना में मंगलवार सुबह 5:30 बजे जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रही। छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में 26 और 27 दिसंबर को 200 से 500 मीटर तक विजिबिलिटी रह सकती है।

हरियाणा के 31 शहरों में मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। यहां अंबाला शहर में आज जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। कुछ जगहों पर सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक 10 मीटर विजिबिलिटी रही। धुंध के बीच सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई दिखाई दीं।

Related Articles

Back to top button