प्रदेश

शासन के आदेश को ठेंगा, सीनियर को छोड़ जूनियर को दिया प्रभार

मोहम्मद सईद
शहडोल 16 अक्टूबर अभीतक। मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग(आर ई एस) में इन दिनों भर्रेशाही का आलम है। आर ई एस में नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से प्रभार दिया जा रहा है। ताजा मामला जनपद पंचायत बुढ़ार में पदस्थ किए गए सहायक यंत्री विजय सिंह का है। उपयंत्री विजय सिंह को जूनियर होने के बावजूद सहायक यंत्री का प्रभार दे दिया गया, जबकि उनसे दो वरिष्ठ उपयंत्री आर ई एस कार्यालय में पहले से पदस्थ हैं। लेकिन उन्हें नजर अंदाज कर दिया गया।
                             इस संबंध में राज्य शासन के स्पष्ट निर्देश हैं, कि वरिष्ठों के रहते जूनियर को प्रभार नहीं दिया जा सकता। वरिष्ठों के रहते जूनियर को सहायक यंत्री का प्रभार दिए जाने के आदेश के पीछे चंद दिनों बाद रिटायर्ड होने वाले आर ई एस के कार्यपालन यंत्री एच आर कोष्ठी की भूमिका सवालों के घेरे में है।
                                  जानकारी के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (आरईएस) के अधीक्षण यंत्री कार्यालय (सर्किल) में पदस्थ उपयंत्री विजय सिंह को अभी हाल ही में जनपद पंचायत बुढ़ार में सहायक यंत्री का प्रभार दिया गया है। जानकारी के अनुसार उपयंत्री विजय सिंह की पदस्थापना वर्ष 2013 की है। जबकि दो उपयंत्री रतनलाल बघेल और बी एस पेन्द्रों आर ई एस कार्यालय में पूर्व से पदस्थ है और इनकी पदस्थापना वर्ष 2006-07 की है। सहायक यंत्री बनाए गए विजय सिंह से यह दोनों उपयंत्री काफी वरिष्ठ हैं। इस तरह जूनियर को प्रभार देकर शासन के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई हैं।
                                       इतना ही नहीं विजय सिंह को सहायक यंत्री का प्रभार दिए जाने में एक और अनदेखी की गई है। श्री सिंह सर्किल में पदस्थ रहे हैं, इसलिए वह इस पद के लिए पात्र नहीं हैं। लेकिन फिर भी आर ई एस विभाग के कर्ताधर्ताओं ने दरियादिली दिखाते हुए इन्हें अपने पसंदीदा जगह पर फिट करा दिया।
क्या कहता है शासन का आदेश
                               मध्य प्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल के उप सचिव द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है, कि परिशिष्ट-अ के कालम क्रमांक 7 में उल्लेखित संख्या अनुसार, जनपद पंचायतों में
सहायक यंत्री के पदों की पूर्ति जिले में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के शेष सहायक यंत्रियों से एवं पद रिक्त रहने पर परिशिष्ट-ब के कालम क्रमांक 4 में दर्शित वरिष्ठता के अनुसार उपयंत्रियों को सहायक यंत्री के रिक्त पद का अस्थायी प्रभार देकर रिक्त पदों की पूर्ति किया जाना सुनिश्चित करें।
                            इस आदेश में इस बात को भी स्पष्ट रूप से उल्लेखित किया गया है कि आदेश जारी करने के पूर्व जिले में पदस्थ उपयंत्रियों की वरिष्ठता कार्यपालन यंत्री द्वारा  वरिष्ठता सूची के आधार पर पुनः सुनिश्चित की जावे। जिले में वरिष्ठतम उपयंत्रियों की कमी की स्थिति में सहायक यंत्री की रिक्तियों से अवगत करावें जिससे निकटस्थ जिले से वरिष्ठ उपयंत्री को सहायक यंत्री का प्रभार देकर पूर्ति की जा सके। यह भी कहा गया है कि कार्यपालन यंत्री उपरोक्तानुसार प्रस्ताव तैयार कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को प्रस्तुत करेंगे।
आयुक्त से भी की गई है शिकायत
                               ऐसी भी जानकारी मिली है कि आर ई एस कार्यालय शहडोल की इस मनमानी की शिकायत आयुक्त  मध्य प्रदेश ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद, भोपाल (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग) से भी की गई है। शिकायत में नियम है विरुद्ध तरीके से दिए गए प्रभार की जानकारी देने के साथ ही जनपद पंचायत बुढ़ार में सहायक यंत्री के पद पर उपयंत्री विजय सिंह को प्रभार दिए जाने के आदेश को निरस्त किए जाने की मांग की गई है। इस पूरे मामले में आर ई एस विभाग शहडोल के कार्यपालन यंत्री एच आर कोष्ठी  से उनका पक्ष जानने के लिए प्रयास किया गया लेकिन उनसे फोन पर संपर्क नहीं हो सका।

Related Articles

Back to top button