प्रदेश

मुरैना में चरवाहे की हत्या, बकरियां भी लूटी

देवेश शर्मा
मुरैना 21 फरवरी ;अभी तक; मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाने के टिकटौली गांव के पास भम्मपुरा के जंगल में एक चरवाहे की हत्या कर दी गई। लाश के गले में गमछे का फंदा डला हुआ है। मृतक के हाथ बंधे हुए थे तथा उसके गले में एक गमछा मिला है जिससे फांसी लगाया जाना प्रतीत हो रहा है। बदमाश युवक की हत्या करने के साथ ही उसकी बकरियों को भी हांक ले गए। बकरियों की संख्या 35 बताई जा रही है। घटना बीते दिन मंगलवार की है।
                                          अतरिक्त पुलिस अधीक्षक मुरैना अरविंद सिंह ने बताया कि पहाड़गढ़ के निरार थाना क्षेत्र के टिकटौली गांव के पास भम्मपुरा के जंगल में एक युवक की लाश मिली है। युवक के गले में उसी के गमछे से फांसी लगाने का फंदा मिला है। उसके दोनों हाथ बंधे हैं तथा वह जमीन पर चित अवस्था में पड़ा मिला है। मृतक की पहचान कर ली गई है। मृतक का नाम मातादीन पुत्र रामचरण कुशवाह, उम्र लगभग 35 वर्ष है।  उन्होंने बताया कि लाश के गले में पड़ा गमछा उसकी हत्या की तरह इशारा कर रहा है। उन्होंने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
                                           ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जंगल में बकरियां चराने का काम करता था। बीती शाम को वह बकरियां चराकर लौट रहा था। उसी दौरान कुछ बदमाशों ने उसे लूट लिया और उसकी हत्या कर दी।लूटी गई बकरियों की संख्या 35 बताई गई है।

Related Articles

Back to top button