प्रदेश

पोथी यात्रा के साथ श्री रामानुज कोट खानपुरा में श्री भागवत कथा का शुभारंभ हुआ

महावीर अग्रवाल 

मंदसौर २१ नवंबर ;अभी तक;  खानपुरा क्षेत्र स्थित श्री रामानुज कोट मंदिर परिसर में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके पूर्व विश्व पति शिवालय गांधी चौराहा से एक शोभायात्रा भी निकाली गई जिसमें महिलाएं सर पर कलश धारण किए हुए चल रही थी।
                                 शोभा यात्रा और  कलश यात्रा विश्व पति शिवालय से आरंभ हुई जो नेहरू बस स्टैंड होते हुए कालिदास मार्ग सदर बाजार होती हुई श्री रामानुज कोट खानपुरा पहुंची। मंदिर परिसर में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ हुआ। निग्रहाचार्य श्री भागवतानंद गुरुजी ने कथा का शुभारंभ करते हुए  कहा कि शुकदेव मुनि ने  राजा परीक्षित सर्वप्रथम भागवत कथा श्रवण कराई थी और अनेकों अनेक ऋषियों ने भी  कथा सुनी थी और उसके बाद भागवत कथा  से ही सार्वजनिक रूप से भागवत कथा की परंपरा आरंभ हुई। आपने कहा कि भागवत कथा श्रवण कर  मनुष्य जीवन को सार्थक किया जा सकता है।
पोथी यात्रा के पश्चात कथा स्थल पर पोथी पूजन और व्यास सम्मान मुख्य यजमान गौतम गनेड़ीवाल, श्री कृष्णचंद्र चिचानी, महेंद्र दरक ,पं.अरुण शर्मा ,सुरेश भावसार ब्रजेश जोशी आदि ने किया। पूजा पद्धति पंडित सुदर्शन आचार्य और अन्य विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराई गई। प्रसादी का लाभ श्री रमेशचंद्र भेरूलाल लढ़ा परिवार ने लिया। संचालन ब्रजेश जोशी ने किया आभार कृष्ण चंद्र चिचानी ने माना।
                                     मीडिया प्रभारी सुरेश भावसार ने बताया कि प्रतिदिन यहां दोपहर 12 से सायंकाल 4 बजे तक कथा प्रवचन होंगे पश्चात शाम  4 बजे से 5 बजे तक एक घंटे तक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन होगा जिसमें श्रद्धालु प्रश्न पूछेंगे और व्यास पीठ से निग्रहचार्य भागवतानंद गुरुजी प्रश्नों का समाधान करेंगे।

Related Articles

Back to top button