75 लाख रुपए के गांजे के पौधे जब्त, एक गिरफ्तार, एक फरार

आशुतोष पुरोहित
खरगोन 7 अप्रैल :;अभी तक;  खरगोन जिले में पुलिस ने महाराष्ट्र की सीमावर्ती चैनपुर थाने के हरनकुंडिया गांव के दो खेतों में अवैध रूप से उगाये हुए करीब 75 लाख रुपए के गांजे के पौधों को जब्त कर एक आदिवासी किसान को गिरफ्तार भी किया है।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि चैनपुर पुलिस थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके हरनकुंडिया में दो थाना क्षत्रों के पुलिस दल ने दबिश दी । इस दौरान हरनकुंडिया ग्राम के गन सिंह अवासे उर्फ गणेश और ज्ञान सिंह वास्कले के खेतों में अवैध रूप से उगाये  गांजे के कुल 2342 हरे पौधे  ( 07 क्विंटल 58 किलो ग्राम) जब्त किये गये।
जब्त किए गए गांजे के पौधों की कीमत करीब 75 लाख रुपए है। पुलिस ने गणेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि ज्ञान सिंह फरार होने में सफल रहा।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र से लगे पहाड़ी इलाकों में संलग्न जिलों के लोग आदिवासी किसानों को गांजा लगाने के लिए लालच देते हैं। वे इसे अन्य फसलों के बीच उगा लेते हैं ,और तैयार माल को महाराष्ट्र के लोगों को बेच देते हैं। गांजा खरीद कर आरोपी अपने नेटवर्क के सहारे इसे सप्लाई कर देते थे।
उन्होंने बताया कि इस तरह के शेडो एरिया और पहाड़ी क्षेत्रों में पुलिस की गश्त करना कठिन होता है। और इसी का फायदा आदिवासी किसान और गांजे को बेचने वाले लोग उठाते हैं। लोकसभा चुनाव और आगामी त्यौहार के पहले खरगोन पुलिस की कार्यवाही को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।