प्रदेश

कांग्रेस सरकार महिलाओं को देगी 15 सौ रुपए और 5 सौ में मिलेगा गैस सिलेंडर 

मोहम्मद सईद
शहडोल, 9 नवंबर अभीतक। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे ही शहडोल जिले में चुनावी तापमान बढ़ता जा रहा है। नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी के समर्थन में चौराहों और गलियों में घूम-घूम कर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं। जिले की जैतपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री उमा धुर्वे के समर्थन में धनपुरी नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल अपनी पूरी टीम के साथ नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर लोगों को कांग्रेस के वचन पत्र से अवगत करा रहे हैं और लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी उमा धुर्वे को आशीर्वाद देने की अपील कर रहे हैं।
                                 नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, कांग्रेस नेता इबरार खान, शोभाराम पटेल, संतोष सिंह, अशोक सिंह और कांग्रेस नेत्री नेहा खान ने गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धनपुरी नगर के चीप हाउस, जंगल दफाई, वार्ड क्रमांक 17 और 18 में सघन जनसंपर्क किया और लोगों को बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वचन दिया है, कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रूपए नारी सम्मान निधि के रूप में देंगी, घरेलू गैस सिलेंडर 500 रूपए में देंगे और इंदिरा गृह ज्योति योजना के अंतर्गत बिजली की 100 यूनिट माफ की जाएगी और 200 यूनिट हाफ दर पर दी जाएगी।
                               कांग्रेस नेता श्री खंडेलवाल ने यह भी बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यह वचन भी दिया है कि पढ़ो-पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के बच्चों को कक्षा 1 से 8वीं तक 5 सौ रूपए, कक्षा 9 वीं-10 वीं के लिए 1 हजार रुपए एवं कक्षा 11वीं-12 वीं के बच्चों को 1500 रूपए प्रतिमाह देंगे। साथ ही मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा निःशुल्क करेंगे और आदिवासी अधूिसचित क्षेत्रों में कांग्रेस के कार्यकाल में बना पेसा एक्ट लागू करेंगे।

Related Articles

Back to top button