प्रदेश

कठौतिया में बन रहा बांध, बढ़ेगा सिंचाई का रकवा

मोहम्मद सईद
शहडोल, 16 फरवरी अभी तक। भू-जल का स्तर और सिंचाई का रकवा बढ़ाने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा जिले में बांध का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।गोहपारू जनपद पंचायत अंतर्गत कठौतिया ग्राम में जलहली नाला जलाशय योजना में 14 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस बांध का भूमि पूजन गत दिनों जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने किया।
                                    जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जलहली नाला जलाशय योजना के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात एजेंसी का निर्धारण किया गया और एजेंसी निर्धारण के बाद भू अर्जन की कार्रवाई के लिए 24 फरवरी को ग्राम मझौली व ग्राम ओढ़की तथा 10 मार्च को ग्राम कठौतिया के लिए धारा 11 का प्रकाशन मध्य प्रदेश शासन के राजपत्र में किया जा चुका है।
                                    जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मझौली द्वारा 24 नवंबर 2022 और ग्राम पंचायत सगरा द्वारा 15 अगस्त 2022 को बांध निर्माण के लिए वह भू अर्जन प्रदान करने के संबंध में ग्राम सभा में सर्वसम्मत से प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है। इस बांध का निर्माण हो जाने से डूब क्षेत्र में ग्राम मझौली के 86 किसानों की लगभग 31.821 हेक्टेयर, ग्राम कठौतिया के 55 किसानों की लगभग
16.030 हेक्टेयर और ग्राम ओढकी के 56 किसानों की लगभग 14.173 हेक्टेयर निजी भूमि प्रभावित होगी। इसमें कुल 197 किसानों की भूमि शामिल है।
440 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी-खरे
                                        जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक 2 शहडोल के कार्यपालन यंत्री प्रतीक खरे ने बताया कि जलहली नाला जलाशय योजना के तहत बांध का निर्माण हो जाने से बरेली, खैरबना और सिलपरी ग्रामों की लगभग 440 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। कार्यपालन यंत्री श्री खरे का कहना है, कि इस बांध के बन जाने से न सिर्फ जल का स्तर बढ़ेगा बल्कि सिंचाई के रकवा में वृद्धि होगी और कृषि का उत्पादन भी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस बांध का निर्माण कार्य 1 साल में पूरा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button