रबी सीजन के लिए फर्टिलाइजर पर सब्सिडी तय:नेक्स्ट जनरेशन स्विफ्ट अनवील, माइक्रोसॉफ्ट CEO ने फोन बिजनेस छोड़ना बड़ी गलती माना

कल की बड़ी खबर किसानों से जुड़ी रही। केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2023-24 के लिए फर्टिलाइजर सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। इससे देश के 12 करोड़ किसानों को फायदा होगा।

एक्सिस बैंक ने फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। बैंक को 10% की ग्रोथ के साथ ₹5,864 करोड़ का नेट प्रॉफिट हुआ है।

वहीं गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) को लेकर ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को GST अथॉरिटीज की ओर से अब तक 1 लाख करोड़ रुपए का कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

पैरागॉन फाइन एंड स्पेशलिटी केमिकल्स का IPO आज खुलेगा और सोमवार 30 अक्टूबर को बंद होगा। IPO का प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 के बीच तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 1200 शेयरों के लिए और उसके मल्टिपल्स में बोली लगा सकते हैं।

आज एशियन पेंट्स, कैनरा बैंक, कोलगेट, इंडियन बैंक, ACC, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, डीबी कॉर्प, पंजाब नेशनल बैंक, वोडाफोन आइडिया, रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रा सहित कई कंपनियां दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के नतीजे जारी करेंगी।

शेयर बाजार में आज गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे पहले बुधवार को भी मार्केट में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 522 अंक गिरकर 64,049 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 159 अंक की गिरावट रही, यह 19,122 पर बंद हुआ था।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है, तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।

 

केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2023-24 के लिए फर्टिलाइजर सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। इससे देश के 12 करोड़ किसानों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मीटिंग में फर्टिलाइजर सब्सिडी के नए रेट पर फैसला लिया गया।

सरकार फर्टिलाइजर्स की कीमतों को कम रखने के लिए सीधे इनकी प्रोड्यूसिंग कंपनियों को सब्सिडी देती है, ताकि इनके प्रोडक्ट सब्सिडी के साथ किसानों तक पहुंच सकें। इससे सरकारी खजाने पर इससे 22,303 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा।

गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) को लेकर ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को GST अथॉरिटीज की ओर से अब तक 1 लाख करोड़ रुपए का कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। ये जानकारी सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने मीडिया को दी है।

यह मामला 1 अक्टूबर 2023 तक के पीरियड से जुड़ा है, जिसमें ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों की सर्विसेज पर गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स 18% की बजाय 28% की दर से GST लग रहा है।

प्राइवेट सेक्टर लेंडर एक्सिस बैंक ने 25 अक्टूबर को फाइनेंशियल ईयर 2024 की दूसरी तिमाही (Q2FY24) के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर क्वार्टर में बैंक को सालाना आधार पर 10% की बढ़ोतरी के साथ ₹5,864 करोड़ का नेट प्रॉफिट हुआ है।

पिछले साल के दूसरे क्वार्टर में यह आंकड़ा ₹5,330 करोड़ था। कंपनी का ₹5,864 करोड़ का यह नेट प्रॉफिट मार्केट के ₹5,698 करोड़ के अनुमान से ₹166 करोड़ ज्यादा है।

माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्या नडेला ने कहा है कि मोबाइल फोन बिजनेस को छोड़ना कंपनी के लिए सबसे गलत निर्णय था। बिजनेस इनसाइडर को दिए एक इंटरव्यू में नडेला ने यह बात कही है। नडेला ने कहा, ‘फोन सेगमेंट पर ध्यान देकर इसे बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था।’

सत्या नडेला माइक्रोसॉफ्ट के तीसरे CEO हैं, जो यह मानते हैं कि कंपनी के लिए फोन कारोबार से बाहर होने का फैसला सही साबित नहीं हुआ। नडेला 2014 में कंपनी के CEO बने थे। इसके एक साल बाद 2015 में कंपनी की नोकिया के साथ 63,203 करोड़ की पार्टनरशिप टूट गई थी।

मारुति सुजुकी की पेरेंट कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन ने जापान के टोक्यो में चल रहे ऑटो मोटर शो-2023 में नेक्स्ट जनरेशन स्विफ्ट को अनवील किया है।

अपडेटेड स्विफ्ट को कुछ कॉस्मेटिक चेंजेस के साथ पेश किया गया है। उम्मीद है भारत में इसे CNG और हाइब्रिड इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया जाएगा। इसके अलावा कार में ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए जाएंगे।

एपल का स्पेशल इवेंट ‘स्केरी फास्ट’ 30 अक्टूबर को होगा। एनालिस्ट अनुमान लगा रहे हैं कि इसमें स्नैपियर एम3 चिप से लैस नए मैक डिवाइस अनवील किए जा सकते हैं। इवेंट भारतीय समय के अनुसार सुबह 5.30 बजे से एपल की वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम होगा।

इवेंट के लिए एपल की ओर से उसकी वेबसाइट पर रिलीज किए एनिमेशन में एपल लोगो फाइंडर आइकन में ट्रांसफॉर्म होता दिख रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नए मैक आने वाले हैं। अफवाहों की माने तो इवेंट का नाम स्केरी फास्ट इसलिए हैं क्योंकि एपल इस इवेंट में फास्ट परफॉर्मेंस के लिए अपने M3 चिप वाले डिवाइस पेश करेगी।

ETF के जरिए करें चांदी में निवेश:सिल्वर ETF ने बीते 1 साल में दिया 25% से ज्यादा का रिटर्न, जानें इससे जुड़ी खास बातें
सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानी सिल्वर ETF के जरिए आप शेयर की ही तरह चांदी में भी निवेश कर सकते हैं। बीते 1 साल में इसने 25% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। चूंकि सिल्वर ETF का बेंचमार्क स्पॉट सिल्वर की कीमतें हैं, आप इसे चांदी की वास्तविक कीमत के करीब खरीद सकते हैं। हम आज आपको सिल्वर ETF के बारे में बता रहे हैं।