उज्ज्वला सिलेंडर पर अब ₹300 सब्सिडी मिलेगी:भारत में गूगल की पहली स्मार्टवॉच ₹39,900 में लॉन्च, रिलायंस की सुपरड्राई से ₹400 करोड़ की डील

कल की बड़ी खबर उज्ज्वला सिलेंडर से जुड़ी रही। सरकार ने सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को ₹200 रुपए से बढ़ाकर ₹300 रुपए कर दिया है। बुधवार को ‘मेड बाय गूगल’ इवेंट में पिक्सल 8 और पिक्सल 8प्रो के साथ कंपनी ने पहली वॉच लॉन्च की। इसके अलावा रिलायंस की यूके के ब्रांड सुपरड्राई के साथ डील हुई।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

  • शेयर बाजार में शॉर्ट टर्म ट्रेंड निगेटिव है। निफ्टी अगर 19,500 के स्तर से ऊपर बंद होता है तो 19,650 के लेवल तक उछाल दिख सकता है। अगर निफ्टी 19,330 से नीचे क्लोज हुआ तो इसमें और कमजोरी का अनुमान है। बुधवार को सेंसेक्स 286 अंक गिरकर 65,226 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 92 अंक की गिरावट के साथ 19,436 पर बंद हुआ।
  • रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग आज दूसरा दिन है। 6 अक्टूबर को इस मीटिंग के नतीजों की घोषणा होगी। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि RBI लगातार चौथी बार ब्याज दरों को जस का तस रख सकती है। RBI ने फरवरी 2023 में रेपो रेट बढ़ाकर 6.5% की थी। तब से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
  • सर्विस सेक्टर की एक्टिविटीज कैलकुलेट करने वाला सर्विसेज PMI (पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्‍स) आज जारी होगा। इसमें गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान है। सर्विस पीएमआई में ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन, फाइनेंशियल इंटरमीडिएशन, बिजनेस सर्विसेज, पर्सनल सर्विसेज, कंप्यूटिंग एंड आईटी और होटल्स व रेस्टोरेंट शामिल हैं।
  • प्लाजा वायर्स का IPO आज बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 51-54 रुपए है। ये आईपीओ 29 सिंतबर को खुला था। शेयरों का अलॉटमेंट 10 अक्टूबर को फाइनल होगा। इसके बाद 13 अक्टूबर को लिस्टिंग होगी। कंपनी शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल नया प्लांट लगाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में होगा।
  • पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। एक साल से ज्यादा समय से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बदले हैं। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।
  • केंद्र सरकार ने बुधवार 4 अक्टूबर को उज्ज्वला योजना में 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को 200 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए करने की घोषणा की। भोपाल में सब्सिडी के साथ यह सिलेंडर पहले 708 रुपए में मिल रहा था, अब 608 रुपए में मिलेगा।

    उज्जवला योजना के तहत अब तक देश में 9.6 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इस स्कीम को 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया में लॉन्च किया गया था। इस योजना की सब्सिडी पर वित्त वर्ष 2022-23 में 6,100 करोड़ खर्च हुए थे।