प्रदेश

लग्जरी कार में गांजा लेकर जा रहे चार युवक गिरफ्तार

मोहम्मद सईद
शहडोल, 22 फरवरी अभी तक। लग्जरी कार में गांजा लेकर जा रहे चार युवकों को बुढ़ार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लग्जरी कार, 10 किग्रा. गांजा और 60 हजार रुपए के मोबाइल फोन सहित करीब 12 लाख का मशरुका बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस.एक्ट के तहत कार्यवाही की है।
                                बुढ़ार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति कार क्रमांक एमपी 18 जेडए 2559 में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर ईटा भट्टा अमलाई से शहडोल की तरफ बिक्री करने के उद्देश्य से जा रहे हैं। मुखबिर से मिली इस पुख्ता सूचना के बाद बुढ़ार पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और उसने रेस्ट हाउस के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
                                इसी बीच कार क्रमांक एमपी 18 जेडए 2559 आते दिखी। इस कार को रोककर पूछताछ करने पर कार सवार युवकों ने अपना रवि राठौर पिता केदार प्रसाद राठौर उम्र 30 वर्ष निवासी ओपीएम अमलाई, प्रताप नाग पिता मान सिंह नाग उम्र 29 वर्ष, निष्कर्ष कुमार पिता सुबोध कुमार निवासी झाड़सुगरा हाल शहडोल एवं अनुराग यादव पिता महेश यादव उम्र 18 वर्ष निवासी ईटाभट्टा अमलाई बताया। पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें से 10 किलो मादक पदार्थ गांजा पाया गया। जिस पर पुलिस द्वारा उक्त मादक पदार्थ गांजा कीमत 1 लाख रूपये, एक आर्टिका कार कीमत 7 लाख रूपये एवं चार नग मोबाइल कीमत करीब 60 हजार रूपये को जप्त कर सभी आरोपियों के विरुद्ध एन डी पी एस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
                                      उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बुढार निरीक्षक संजय जायवाल के नेतृत्व में उप निरीक्षक उमाशंकर चतुर्वेदी, सउनि ज्ञानेन्द्र सिंह, गुलाम हुसैन, अवधराज सिंह, प्रधान आरक्षक चेतराम सिंह, आरक्षक जयकृष्ण चतुर्वेदी, कृष्णनारायण मिश्रा, सनत गौतम, मिखायल परस्ते एवं प्रधान आरक्षक चालक प्रभात सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button