अवैध हथियार और कारतूस सप्लायर अंतर राज्यीय गिरोह के सरगना योगी समेत 8 सदस्य गिरफ्तार

आशुतोष पुरोहित
खरगोन 15 मई ;अभी तक;  मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की गोगावा पुलिस ने अंतर राज्यीय अवैध हथियार और कारतूस सप्लायर संगठित गिरोह के लीडर चंद्रभान उर्फ योगी समेत तीन प्रदेशों के आठ सदस्यों को साथ पिस्तौल व महाराष्ट्र के पुणे की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से  महाराष्ट्र के पुणे की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बने कारतूस मिलने से हडकंप मच गया है। एसपी धर्मवीर सिह ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बने कारतूस मिलने की पुष्टि की है। एसपी ने धर्मवीर सिह ने बताया  अवैध पिस्टल के साथ ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बने कारतूस मिलना पुलिस के लिये चुनौती है। कारतूस की लिंक का पता लगाने के लिये पुलिस का एक दल पूना रवाना किया गया है। पुलिस पूछताछ में इनके नेटवर्क का भी पता लगाया जायेगा।
                            एसपी धर्मवीर सिह ने बताया की रविवार की देर शाम गोगावा पुलिस ने ग्वालियर और उत्तर प्रदेश के माफिया तथा 28 मामलों के आरोपी चंद्रभान उर्फ योगी जनवार, अर्जुन कुशवाहा व मनु सिन्हा सभी ग्वालियर (मप्र),प्रदीप तोमर व शिवनाथ उर्फ कल्ला तोमर निवासी भिंड, उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी राम लखन कुशवाहा व उसकी पत्नी नेहा कुशवाहा राजस्थान के नागौर क्षेत्र के करणी सिंह उर्फ बंटी राठौर को गिरफ्तार किया था। आरोपीयो के पास से सात देशी पिस्तौल व शासकीय एमुनेशन फैक्ट्री खड़की (पुणे ,महाराष्ट्र) के 65 कारतूस व एक दुपहिया वाहन बरामद किया गया है।
                                             उन्होंने बताया कि अवैध रूप से हथियार की खरीद-फरोख्त की  सूचना पर गोगावा थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के दल ने 4 लोगों को घेर लिया। इनमें से एक हथियार विक्रेता सिकलीगर भागने में सफल रहा, जबकि हथियारों के तीन खरीददार हिरासत में ले लिए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ग्वालियर व उत्तर प्रदेश में काम करने वाले माफिया चंद्रभान उर्फ योगी जनवार ने एक हथियार व कारतूस विक्रेता से महाराष्ट्र के पुणे के खड़की में स्थित एम्युनिशन फैक्ट्री के 65 कारतूस लेकर खरगोन जिले के सिगनूर निवासी सिकलीगर से हथियार खरीदने भेजा है।
                                          इस पर दो महिलाओं समेत शेष अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें मनु सिन्हा  मूल रूप से पश्चिम बंगाल की निवासी है और फिलहाल ग्वालियर रहती है। इसके अलावा नेहा कुशवाहा ने पूर्व में फर्जी दस्तावेजों के सहायता से नर्स की नौकरी प्राप्त की थी, लेकिन खुलासा होने पर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि उक्त कारतूस कैसे प्राप्त किए गए ,यह भी पता लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य कम दामों में हथियार खरीद कर ग्वालियर क्षेत्र के अलावा उड़ीसा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में सप्लाई करता है।
उन्होंने बताया कि हथियार की सप्लाई उक्त दो महिलाओं और बच्चों के माध्यम से भी की जाती थी। इस मामले में खरगोन जिले के सिगनूर निवासी सिकलीगर और उसकी पत्नी की भी तलाश है, जिसके खाते में राशि ट्रांसफर की जाती थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते है।