आदिवासी समाज के विकास के लिए समर्पित है मोदी सरकार

दीपक शर्मा
पन्ना ५ जून ;अभी तक;  कांग्रेस देश में सबसे अधिक सत्ता में रही लेकिन उसने कभी भी गरीब आदिवासियों की चिंता नहीं की। अटल जी की सरकार ने सबसे पहले आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाने का काम किया। वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने एक आदिवासी बहन को राष्ट्रपति पद पर आसीन कर देश के आदिवासियों का गौरव बढ़ाने का काम किया है। आज मोदी सरकार की हर योजना आदिवासियों के कल्याण के लिए है, क्योंकि मोदी सरकार आदिवासी समाज के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा व राज्यसभा सांसद श्री सीमा द्विवेदी ने पन्ना जिले के आदिवासी ग्राम कल्दा में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
*आदिवासी बहन को राष्ट्रपति बनाकर मोदी जी ने आदिवासियों का गौरव बढाया : मरांडी*
                                  झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने आदिवासी सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश के विकास में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा रहा है ऐसे में जनजातीय समाज की भी एक निश्चित भूमिका है और हमें खुशी है कि यह समाज अपनी भूमिका बेहतर तरीके से अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में 600 से अधिक आदिवासी जातियां है लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इन्हे कोई पहचान नहीं दी। मोदी सरकार ने 8 आदिवासी सांसदों को अपने मंत्रिमंडल में जगह दी। वहीं आदिवासी बहन को राष्ट्रपति पद पर आसीन कर आदिवासियों का गौरव बढाया है। श्री मरांडी ने कहा कि कई आदिवासियों ने देश की आजादी के लिए काम करते हुए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कभी भी उन्हें सम्मान नहीं दिलाया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आदिवासी क्रांतिकारियों का सम्मान करते हुए उनके लिए स्मारक बनाएं और 15 नवंबर बिरसा मुंडा जी की जयंती पर देश के इतिहास और संस्कृति में जनजातीय समुदायों के योगदान को याद करने के लिए जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में आदिवासी गरीब इलाज के अभाव में दम तोड़ देते थे लेकिन हमारी सरकार ने उनके दर्द को समझा और आयुष्मान योजना में 5 लाख तक का इलाज मुफ्त सुनिश्चित्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश अपने शताब्दी  वर्ष मनाने जा रहा है और यह उत्सव बिना आदिवासियों के संभव नहीं है, इसलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी यह कहते है कि हमारा एकमात्र मिशन हर आदिवासी और हर गांव तक विकास की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे तभी इस देश का स्वर्णकाल चालू होगा।
*सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को भाजपा सरकार ने पूरा किया : शर्मा*
                                  पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पन्ना का यह कल्दा आदिवासी क्षेत्र बहुत ही दूरस्थ क्षेत्र माना जाता था। एक समय था यहां तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं था। लेकिन प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी कहते थे कि जब तक गांव, शहर से नहीं जुडेंगा तब तक गांव का विकास संभव नहीं है। इसी सोच के साथ अटलजी ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना बनायी। जिसके कारण आज कल्दा जैसे दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में भी सडकें बनी है। उन्होंने कहा कि सडक, पानी और बिजली हर व्यक्ति की मूल सुविधाएं है, उन्हें पूरा करने का काम मोदी सरकार ने किया है। आज आदिवासी अंचलों में सड़कों की पहुंच है। नल, जल योजना से हर घर तक जल पहुंच रहा है वहीं सौभाग्य योजना से आज देश के दूरस्थ गांवों में भी बिजली पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, पीएम आवास एवं अन्नपूर्णा योजना समेत किसान सम्मान निधि जैसी विभिन्न जनहितैषी योजनाओं से गरीबों का जीवन बदला है।
*कांग्रेस सरकार में 1 रूपया भेजते थे गरीब तक 15 पैसे पहुंचते थे*
                                     श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारी पार्टी के रूप में जानी जाती है। उन्हीं के पार्टी के नेता राजीव गांधी जब इस देश के प्रधानमंत्री थे तो कहते थे केन्द्र सरकार गरीबों के लिए यदि 1 रुपये भेजती है तो 85 पैसे भ्रष्टाचार में चले जाते हैं और गरीबों तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते है। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बिचौलियों को समाप्त करके डीबीटी के माध्यम से पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बना दिया है। आज सरकार की योजनाओं के हर हितग्राही को उसका लाभ सीधे खाते तक पूरा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय में बेटियां अभिशाप मानी जाती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों को सम्मान दिलाया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना ने बेटियों को वरदान बना दिया। आज प्रदेश में 45 लाख लाड़ली लक्ष्मी हैं। सम्मेलन में उपस्थित जनसमुदाय से आव्हान करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश और देश में फिर से भाजपा की सरकार बनें इसके लिए भारतीय जनता पार्टी का साथ दें।
*कांग्रेस ने कभी आदिवासियों का सम्मान नहीं किया : सीमा द्विवेदी*
राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी ने आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासियों की सुध नहीं ली और न इस वर्ग का सम्मान किया। सच्चे अर्थों में भारतीय जनता पार्टी ही आदिवासियों की हितैषी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति जैसे महत्वपूर्ण पद पर आदिवासी बहन द्रोपदी मुर्मू को बैठाया। आज देश का संपूर्ण आदिवासी समाज गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूरे हुए है। इन 9 वर्षों में आदिवासी वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए लगातार काम हुए है। केन्द्र सरकार की योजनाएं हर मजरे, टोले तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने लाडली बहना योजना शुरू कर बहनों का सम्मान किया। सम्मेलन में उपस्थित नागरिकों से आव्हान करते हुए उन्होंने कहा कि हमें देश को मजबूत करना है और देश में विकास करना है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करें। आप और हम मिलकर देश को ओर आगे ले जायेंगे।
सम्मेलन में पार्टी जिला अध्यक्ष श्री रामबिहारी चौरसिया, कटनी के पूर्व महापौर श्री शशांक श्रीवास्तव, श्री रामअवतार, श्री बबलू पाठक, श्री सदानंद गौतम, पन्ना जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, श्री सुशील त्रिपाठी, श्री विवेक मिश्रा उपस्थित थे