आम गरीब आदमी के जीवनस्तर में  बदलाव आया हैं-फग्गन

एस पी वर्मा
सिंगरौली १० सितम्बर ;अभी तक;    जन आशीर्वाद यात्रा का आज दोपहर जिले मे प्रवेश हुआ। इस यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते कर रहे हैं। यात्रा में शामिल होने वाले नेताओं में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक यात्रा के संयोजक एवं सतना सांसद गणेश सिंह, सीधी सांसद रीती पाठक, जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता जिले की तीनो विधानसभाओं के विधायक अमर सिंह, रामलल्लू वैश्य तथा सुभाष वर्मा रहे।
                               जिले मे प्रवेश के साथ ही कर्थुआ मंडल के झोको तथा कर्थुआ मे यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। सैकड़ों की संख्या मे माताऐं एवं बहनों ने कलश एवं दीपक के साथ यात्रा का अभिनन्दन किया। ढोल नगाड़ों के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों की हजारों की भीड़ ने यात्रा का स्वागत किया।
                                          रथ सभा को संबोधित करते हुये केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जिस विश्वास के साथ आप सबने भाजपा की सरकारें बनाई है तो उसका प्रतिफल आपको कई गुना मिला है। आम गरीब आदमी के जीवनस्तर मे जो बदलाव आया है वो पहले कभी नहीं हुआ था। गांव गांव जोडऩे वाली प्रधानमंत्री सड़क भाजपा सरकार की ही परिकल्पना थी। आपने देखा की बीच मे अल्प समय के लिये जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो उन्होंने सारी जनकल्याणकारी योजनाओं पर पाबंदी लगा दी थीं। किंतु शिवराज के मुख्यमंत्री बनते ही सारी योजनाएं पुन: प्रारंभ कर दी गईं हैं। यदि आप मध्यप्रदेश मे पुन: भाजपा की सरकार बनाते हैं तो मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा तथा अगर मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो भारत विश्व मे तीसरी महाशक्ति बन कर उभरेगा। केंद्रीय मंत्री ने फिर से विधानसभा एवं लोकसभा में भाजपा के लिये जनता से समर्थन मांगा।
  उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने झोंको मे सभा को संबोधित करते हुये उज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, लाडली बहना योजना, किसान सम्मान योजना जैसी जनहितैषी योजनाओं का लाभ गिनाते हुये कहा कि देश भर मे अपनी योजनाओं के लिये मध्यप्रदेश पूरे देश मे जाना जाता है। उप मुख्यमंत्री ने फिर से भाजपा की सरकार बनाने का आग्रह समस्त उपस्थित जनसमूह से किया तथा जनता को आश्वस्त किया कि भाजपा की सरकार रहते कभी भी जनहितैषी योजनाओं पर पाबंदी नहीं लगाई जायेगी तथा समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा जायेगा। यात्रा को सांसद गणेश सिंह, रीती पाठक ने भी संबोधित किया। यात्रा कर्थुआ,  देवसर, झखरावल, माडी़ छांदा, गीर छंदा, दुधमनिया, खिरवा होते हुये मोरवा पहुंची तथा रात्रि पड़ाव मोरवा मे हुआ। अगले दिन कल सोमवार को यात्रा मोरवा से चलकर जयन्त, बैढऩ, परसौना, खुटार, रजमिलान, सरई,  निगरी,  होते हुये व्यौहारी की ओर रवाना होगी। जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि यात्रा में भाजपा के प्रदेश मंत्री राजेश पांडेय, यात्रा के संभागीय प्रभारी सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, राजगोपाल चारी,  प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी,  राम निवास शाह,  प्रेमवती खैरवार,  जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, पूर्व विधायक विश्वामित्र पाठक, यात्रा प्रभारी राजेश तिवारी, सह प्रभारी दिग्विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष डा. रविन्द्र सिंह, आशा यादव, चंद्रिका वैश्य, प्यारेलाल चतुर्वेदी, जिला महामंत्री सुंदरलाल शाह, जिला मंत्री विनोद चौबे, पूनम गुप्ता,  वरिष्ठ नेता शिवेंद्र बहादुर सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह शामिल रहे।