उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है: अखिलेश यादव

आशुतोष पुरोहित
खरगोन 13 अप्रैल ;अभी तक; उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज माफिया डॉन अतीक अहमद के लड़के असद और एक अन्य गुलाम के एनकाउंटर को फेक निरूपित करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है।
                           आज खरगोन जिले के कसरावद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोरावा में पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव से जुड़े एक कार्यक्रम के सिलसिले में आए अखिलेश यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार फिल्मी डायलॉग से चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश फेक एनकाउंटर का प्रदेश बन गया है। फेक एनकाउन्टर में देश में नम्बर वन  है। यूपी में अधिकारियों पर दबाव बनाकर फेक एनकाउंटर हो रहे हैं।  जब इसकी जांच होगी तो अधिकारियों के विरुद्ध अपने आप कार्यवाही हो जाएगी।
                        अतीक अहमद के लड़के के एनकाउंटर पर पूछे गए एक अन्य सवाल को लेकर श्री अखिलेश  यादव ने कहा कि इसके पूर्व भी कई घटनाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े हुए हैं और राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने फेक एनकाउंटर और कस्टोडियल डेथ को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को सबसे अधिक नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट ने भी इन मामलों में टिप्पणियां की है। उन्होंने कहा कि क्या कोर्ट बंद हो जाये या संविधान हटा दिया जाए। इस दौरान कांग्रेस नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव और कसरावद विधायक पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव मौजूद थे।
                               मुख्यमंत्री योगी के माफिया को मिट्टी में मिला देंगे कथन को लेकर श्री यादव ने कहा कि कई ऐसे मामले है जिनमें उनकी स्वयं की जाति के लोग शामिल हैं क्या उन्हें भी मिट्टी में मिलाया जाएगा। उन्होंने कहा मिट्टी में मिलाने की बात एक सीमा तक है, दरअसल चुनाव के दृष्टिगत समाज को बांटा जा रहा है तथा असली मुद्दों से भटका कर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब वह लोग कर रहे हैं जिन्हें संविधान में भरोसा नहीं है।
                      उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी।