उम्मीदवार ही नहीं कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता आज गरीब नहीं है -भाजपा प्रत्याशी व सांस ज्ञानेश्वर पाटिल

मयंक शर्मा

खंडवा १९ अप्रैल ;अभी तक;  लोकसभा के चैथे चरण के लिए  गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी दौरान खंडवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने पहले ही दिन मुहूर्त में नामांकन पत्र जमा कर दिया है। वे पुनःअब 20 तारीख को  मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में वे अपना एक और नामांकन पत्र जमा करेंगे।  इस दौरान रोड शो और चुनावी सभा का भी आयोजन किया जाएगा।

ग्रुरूवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके चलते 25 अप्रैल तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। 29 अप्रैल को नाम वापसी का आखिरी दिन रहेगा। इसके बाद 13 मई को चैथे चरण के लिए मतदान होना है। वहीं लोकसभा चुनाव का परिणाम 4 जून को घोषित किया जाएगा।

खंडवा लोकसभा से अपना नामांकन पत्र जमा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद व उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल ने कांग्रेस के एक नोट एक वोट वाले फॉर्मूले पर तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कभी गरीब नहीं हो सकता। कांग्रेस प्रत्याशी की संपत्ति मालूम कर लीजिए, पता चल जाएगा कि वे कितने गरीब हैं। कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता आज गरीब नहीं है। कांग्रेस का कार्यकर्ता गरीब हो ही नहीं सकता। एक वोट एक नोट के जरिए कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है।

कांग्रेस उम्मीदवार नरेन्द्र पटेल के पास तो बहुत पैसा है, और अगर उनकी पार्टी का खाता फ्रीज भी हो गया है, तो अपने निजी खातों से चुनाव लड़ सकते हैं।