कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देने वाली भाजपा, अब कांग्रेस युक्त हो गई हैः-डी.के. दुबे

दीपक शर्मा

पन्ना १३ मार्च ;अभी तक; हार के डर से भाजपा कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल कर रही है लेकिन भाजपा में जाने वाले मेरे कांग्रेस के मित्रों से कहूंगा पूरे देश में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, भुखमरी के अपराध के लिए भाजपा जिम्मेदार है।

इस आशय के विचार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी. के. दुबे ने जारी एक बयान में व्यक्त किए हैं। कांग्रेस नेता डी. के. दुबे ने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता जो आज पार्टी छोड़कर गए हैं उनको भाजपा में कुछ भी मिलने वाला नहीं है। कांग्रेस से लोग उम्मीद कर रहे हैं कि देश में भाजपा के जुल्म धोखे व तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़े होकर भाजपा से लड़ेगी। कांग्रेस नेता डी. के. दुबे ने आगे कहा कि भाजपा ने देश के साथ धोखा किया है, हर वर्ष रोजगार देने का वादा, किसानों को फसलों का सही दाम देने का वादा, महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी खत्म करने का वादा, नोटबंदी के बाद देश के हालात सुधरने का वायदा भाजपा ने किया था, भाजपा इन सभी वादों को पूरा करने मे असफल साबित रही। अब भाजपा को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं है, भाजपा का जनता में असर खत्म हो रहा है इसलिए भाजपा एक झूठा माहौल बनाना चाहती है की सब लोग सब नेता हमारे साथ आ रहे हैं लेकिन वास्तव में भाजपा कमजोर पड़ रही है इसलिए साम दाम दंड भेद दबाव बनाकर कांग्रेस नेताओं को शामिल किया जा रहा है लेकिन भाजपा का षड्यंत्र कामयाब नहीं होगा, लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार होगी। कांग्रेस नेता डी. के. दुबे ने बदलते राजनीतिक हालात के चलते कहा कि अब जनता में राजनैतिक चेतना आ चुकी है और प्रत्येक आदमी वोट डालने से पहले दस बार सोचता है कि कौन सा नेता गरीबों की सुनेगा और कौन नहीं। लिहाजा किसी भी नेता के पार्टी बदलने से कांग्रेस के वोट प्रतिशत में कोई अंतर आने वाला नहीं है।