कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन इलाके में करंट लगने से एक बाघ की मौत

आनंद ताम्रकार
बालाघाट १० मार्च ;अभी तक ; कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन इलाके में करंट लगने से एक बाघ की मौत हो गई इस मामले में एक आरोपी शिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन इस घटना के बाद से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।
                        यह उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को खापा रेंज के नजदीक करेली गांव में किसानों ने एक खेत में मृत बाघ को देखा था। बाघ की पहचान भैसान घाट मेलडी-46 के रूप में की गई है।
                              जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है की इस क्षेत्र में वन्य प्राणी के शिकार के लिये शिकारियों  द्वारा जिआई तार में करंट फैलाकर शिकार के लिए जाल फैलाया था। उसमें फंसकर बाघ ने दम तोड़ दिया मौके पर पहुंचे विभाग ने तार जब्त किया है मृत बाघ की उम्र 8 वर्ष बताई गई है।
                     शिकारियों को पकडने के लिये  डॉग स्कॉट   की मदद ली गई इसके लिये बालाघाट पुलिस के डॉग स्कॉट को बुलवाया गया था। जिसकी मदद से बाघ को मारने वाले आरोपी को पकड़ लिया गया है आरोपी परसराम पिता नसीब सिंह मरावी निवासी परसाटोला उमरदोनी पर मामला दर्ज किया गया है तथा  शिकार  में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।