किसानों व गरीबो को मुसीबतों से बचाना ही मोदी गारण्टी है- रक्षामंत्री*

एस पी वर्मा
सिंगरौली ६ अप्रैल ;अभी तक;      पूरा देश  वन नेशन व वन  इलेक्शन चाहता है। एक साथ चुनाव होने से  लोकतंत्र मजबूत होगा। इससे जहां  देश के  पैसे व समय दोनों का बचत होगा वहीं भ्रस्टाचार व खरीद फरोख्त पर भी विराम लगेगा और जागरूक  जनता बिना परेशान हुए अपने अनुसार सरकार बनाएगी।
उक्ताशय उदगार *देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह* के है जिसे उन्होंने आज सिंगरौली जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किया। इस दौरान मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, पंचायत राज्य मंत्री राधा सिंह सहित जिले के पूर्व व वर्तमान विधायक, जिलाध्यक्ष आदि मंचासीन रहे। सीधी-सिंगरौली लोकसभा  प्रत्याशी डॉ राजेश मिश्रा के पक्ष में जनता से वोट अपील करने पहुंचे श्री सिंह ने अपने 20 मिनट के भाषण मे  कहा कि देश मे विधान सभा ,लोकसभा व अन्य चुनाव से समय व देश के पैसों की बर्बादी हो रही है और जनता को भी परेशान होना पड़ता है। इससे निजात के लिए देश मे वन नेशन व वन इलेक्शन व्यवस्था होनी चाहिए । श्री सिंह ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर दी है। भविष्य में एक देश ,एक चुनाव  का कानून जल्द लागू होगा।
*नागरिकता कानून मुस्लिम विरोधी नही है*
राम मंदिर की स्थापना, धारा 370 हटाने व हाल ही में लागू नागरिकता कानून पर कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह कानून मुस्लिम विरोधी नही है।इस कानून की वजह से कोई भी मुस्लिम भाई देश से बाहर नही जाएगा। लेकिन देश मे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले कांग्रेसी आग लगाने व भड़काने का कार्य करते हैं। श्री सिंह ने कहा हमारी(बीजेपी) सरकार  शासन नही चालती  बल्कि सेवा करती है। हम इंसानियत की राजनीति करते है ,कांग्रेसियों की तरह नफरत की राजनीति नही करते है।
 *सवा लाख करोड़ की लागत से होगा भण्डारण की व्यवस्था*
6 अप्रैल को भाजपा के 45 वे स्थापना दिवस पर रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि देश के गरीब ,महिलाओं व किसानों की हितैषी हमारी सरकार किसानों के लिए सवा लाख करोड़ की लागत से पूरे देश मे भण्डारण की व्यवस्था बनाने जा रही है।  श्री सिंह ने कहा कि  किसानों भाइयो का  जब उत्पादन अत्यधिक होगा और उस समय अच्छी कीमत नही मिलेगी वह भण्डारण में अपने अनाज को रख सकेंगे। भण्डारण के अभाव में किसानों को अपने अनाज को कम कीमत में बेचने की जरूरत नही पड़ेगी। इस दौरान मध्यप्रदेश में 20 लाख भूमिहीनों को स्वामित्व योजना के तहत मिली जमीन के बारे में बताया। और कहा कि गरीबो व किसानों को हर मुसीबत से बचाना ही मोदी गारंटी है।अंत मे देश की सुरक्षा पर श्री सिंह ने कहा कि सभी सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित है । कश्मीर में छुटपुट घटनाओं को छोड़ दे तो भारत मे आतंकवादी वारदाते पूरी तरह से बंद हैं।
*शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की*
रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अनुभवी  विश्लेषक व समीक्षकों ने कहा था कि मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार नही बनेगी लेकिन सारे समीक्षकों को धता बता प्रदेश की जनता ने स्पष्ट बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने जनता ने आशीर्वाद दिया। 2003 के पूर्व मध्यप्रदेश की पहचान बीमारू राज्य के रूप में थी लेकिन उसके बाद जैसे ही भाजपा की सरकार बनी और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने उन्होंने प्रदेश की तस्वीर बदल दी। भाजपा के सीएम व पीएम जो बोलते है वह करते हैं यदि गलत हो तो मीडिया के साथी अखबार की सुर्खियों में भाजपा का विरोध लिख सकते हैं। हम काम करके जनता के आंख में आंख डाल कर उनसे वोट मांगते हैं। चुनावी सभा को कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, राधा सिंह व सदर विधायक राम  निवास शाह ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष रामसुम गुप्ता ने अपने स्वागत भाषण में लोकसभा प्रत्यासी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर दिल्ली भेजने का विश्वास दिलाया।
*भीड़ जुटाने में असफल रहे भाजपाई, महज एक हजार भी नही पहुंचे लोग*
भाजपा के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कृषि मंत्री, यू पी के सीएम , देश के गृहमंत्री व अब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ के आज सिंगरौली में आयोजित  चुनावी सभा में महज एक हजार से भी कम जातक की भीड़ रही। माना जा रहा है कि भाजपाइयों ने चुनावी सभा को सफल बनाने कोई प्रयास नही किया। छोटे से राम लीला मैदान में लगी आधे से ज्यादा कुर्सियां खाली रही। भीड़ दिखाने के लिए पार्टी के कुछ बड़े पार्टी पदाधिकारी व नेतागण दर्शक दीर्घा में बैठे नजर आए। इतने बड़े नेता के कार्यक्रम में एक हजार से भी कम जनता की उवस्थिति पर विपक्षी पार्टी के साथ बुद्धिजीवी गण चुटकी लेते नजर आए।