जमीनी विवाद पर बड़े भाई के परिवार ने छोटे भाई के परिवार पर किया जानलेवा हमला , बच्चों को भी नहीं बख्शा,  सात बुरी तरह घायल

मंडला संवाददाता
मंडला २ जून ;अभी तक;  मंडला थाना कोतवाली अंतर्गत एक परिवार के दो भाइयों और पारिवारिक सदस्यों के बीच में जमीनी विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई और उसके परिवार ने छोटे भाई और उसके परिवार पर तलवार एवं अन्य हथियारों से प्राणघातक हमला किया। जिसमें छोटे भाई और उसके परिवार के 6 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।
                               इस बारे में जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार के मुखिया लाल बहादुर शास्त्री वार्ड निवासी अशोक कुशवाहा ने बताया कि उसके बड़े भाई मनोहर लाल कुशवाहा के साथ दुकान का विवाद है। दुकान में आटा चक्की लगी हुई है। अशोक ने अपने बड़े भाई को वह दुकान कुछ दिनों के लिए दी थी लेकिन जब उसे दुकान वापस मांगी गई तो विवाद शुरू हो गया। अशोक कुशवाहा ने पंचायत की शरण ली। पंचायत की बैठक में समाज के बड़े बुजुर्ग उपस्थित हुए और उन्होंने निर्णय लिया कि 28 मई 2023 को अशोक कुशवाहा को दुकान की चाबी दे दी जाएगी क्योंकि वह दुकान उसी की है।
                           अशोक कुशवाहा ने बताया कि 28 मई को उसे दुकान की चाबी सौंपी गई।  लेकिन अशोक के परिवार को यह मालूम नहीं था कि मनोहर लाल का परिवार उनके ऊपर प्राणघातक हमला करने की योजना बना रहा है।
                              जिला अस्पताल में भर्ती घायल नीलेश कुशवाहा ने बताया कि 28 मई की रात को वह अपने पिता के लिए दवा लेने जा रहा था। उस वक्त मनोहर लाल कुशवाहा के रिश्तेदार रत्नेश और अंकित अंधेरे में हथियार लेकर छुपे बैठे थे। निलेश को देखकर उन्होंने उसे रोका और अंकित ने पहले कील वाले डंडे से उस पर प्रहार किया। उसके बाद अंकित ने उसके सिर पर तलवार से वार किया। बुरी तरह से घायल और खून से लथपथ नीलेश अपने घर की ओर भागा तो पीछे से मनोहर कुशवाहा, रत्नेश, अंकित और कुछ लोग हथियार और डंडे लेकर उसके घर में घुस गए और सब के साथ मारपीट की। सब पर प्राणघातक हमला किया।
                         अशोक कुशवाहा ने बताया कि उसके बड़े भाई मनोहर, इंद्रेश, अंकुर आदि इस तरह से हमला कर रहे थे जैसे वे अशोक को जान से ही मार देंगे। उनके हमले में बड़ा बेटा नीलेश, छोटा बेटा कमलेश,  पत्नी संगीता कुशवाहा,
                          दामाद अरुण कुशवाहा,  छोटी बेटी शुभी, भांजी अनामिका सब पर उन्होंने हथियारों से हमला किया जिसमें वे सभी घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
                              इस मामले में जानकारी देते हुए जिला अस्पताल के कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अंशुल शर्मा ने बताया कि 28 मई की रात में 6-7लोगों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में लाया गया था। जिनमें चार के सर पर गहरे घाव है। संभवत उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।
                                इस मामले में आगे जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी गजेंद्र कुमार ने बताया कि दुकान के विवाद में जब एक पक्ष को दुकान की चाबी मिल गई। वह दूसरे पक्ष को नागवार गुजरा और उन्होंने पहले पक्ष पर प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपियों पर धारा 323, 294, 452 के अंतर्गत मामला कायम किया गया है और आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।