जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने गांधी सागर बांध निरीक्षण कर अधिकारियों की बैठक ली

महावीर अग्रवाल
मंदसौर 29 अप्रैल ;अभी तक;  जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग मध्य प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गांधी सागर बांध एवं जलाशय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर दिशा निर्देश प्रदान किए। सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का वास्तविक लाभ सभी मछुवारों को मिले। मछुआ महासंघ के मछुआरों के लिए आवास केचमेंट्स राशि बढ़ाने के लिए भी विभाग योजना बनाएं
                          बैठक के पश्चात 46 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली ताखाजी मध्यम सिंचाई परियोजना का भूमि पूजन किया। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री देवीलाल धाकड़, जनपद अध्यक्ष, पूर्व विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिलावट द्वारा कहा गया कि, ताखाजी सूक्ष्म मध्यम सिंचाई योजना मंदसौर जिला मुख्यालय से लगभग 130 किमी दूर भानपुरा तहसील के ग्राम प्रेमपुरिया के पास बनाई जाएगी। योजना से ग्राम प्रेमपुरिया, कोयला, धामनिया, बडोदिया, धावद बुजुर्ग, नावली, थगी. बाड़ी, कोटडी टेंक ग्रामों की 3200 हेक्टर भूमि में पाईप लाईन से सिंचाई होंगी।
ग्राम प्रेमपुरिया, धावद बुजुर्ग, नावली व बडोदिया की ओर चार मुख्य पाइप लाइनों द्वारा सभी 09 ग्रामों में सिंचाई हेतु पूरे रबी सीजन में जल राशि उपलब्ध होगी। अब किसानों को सिंचाई को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। योजना के लिए एजेंसी निर्धारित की जा चुकी है। एजेंसी मेसर्स जगदीश गुप्ता द्वारा निर्माण कार्य द्रुतगति से किया जा रहा है। वर्तमान में योजना का 60 प्रतिशत निर्माण कार्य हो चुका है। शेष 40 प्रतिशत निर्माण कार्य जून 2023 तक पूर्ण हो जाएगा। योजना का निर्माण शासन द्वारा निर्धारित 30 माह के स्थान पर मात्र 6 माह में ही पूर्ण कर लिया जावेगा, जिससे कृषकों को अगली रबी सीजन में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। योजना के पूर्ण हो जाने के बाद कम पानी से अधिक क्षेत्र में सिंचाई होगी। कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। भू-जल स्तर में वृद्धि होगीं। निर्माण के दौरान श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। निस्तार सुविधा एवं पशुओं को पीने का पानी भी मिलेगा। फव्वारा पद्धति से सिंचाई की सुविधा किसानों को मिलेगी।