जैएसजी मेन ने कन्या स्कूल बालागंज में 40 विद्यार्थियों के बैठने हेतु फर्नीचर प्रदान किया

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर १३ मार्च ;अभी तक;  जैन सोशल ग्रुप मेन मंदसौर द्वारा “शिक्षा सेवा प्रकल्प“ “कर्तव्य“ वर्ष 2023-24 के तहत विनस अलायज प्रा.लि. (पेन टी.एम.टी.) के सौजन्य से शासकीय कन्या हाई स्कूल बालागंज में 40 विद्यार्थियों के बैठने के लिये फर्नीचर प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सकल जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष श्री शांतिलाल भण्डारी, सीए शाखा के जिलाध्यक्ष एवं ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष श्री दिनेश जैन सीए थे। अध्यक्षता सकल जैन समाज अध्यक्ष श्री प्रदीप कीमती ने की।
                                         प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन देते हुए जैन सोश्यल ग्रुप मेन ग्रुप के अध्यक्ष संजय जैन श्वेता ने कहा कि  अक्सर देखने में आता है कि स्कूलों में बच्चों को बैठने की व्यवस्था नहीं होते तथा उन्हें अध्ययन करने में परेशानी आती है। इसको देखते हुए ग्रुप द्वारा अपने कर्तव्य वर्ष 2023-24 के अंतर्गत मंदसौर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद सरकारी स्कूलों मे बच्चों को क्लास रूम में बैठने हेतु फर्नीचर वितरित किया जा रहा है। पूर्व में मिर्जापुरा व ढिकोला के स्कूल सहित महावीर स्वास्थ्य केन्द्र में फर्नीचर उपलब्ध कराये है। तथा यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
मुख्य अतिथि श्री शांतिलाल भण्डारी ने कहा कि विद्यादान से बढ़कर कोई दान नहीं है। छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर संस्कारवान समाज का निर्माण करती है। एक नारी पूरे परिवार का सृजन करती है।
सीए शाखा के जिलाध्यक्ष दिनेश जैन सीए ने कहा कि शिक्षा से ही राष्ट्र का निर्माण होता है। विकसित देशों  की तरक्की का मूलाधार शिक्षा है। आपने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा अनुशासन में रहना चाहिए। छात्राएं टेक्नोलोजी से जुड़े लेकिन उसका दुरूपयोग नहीं करें। आपने कहा कि जैन सोश्यल ग्रुप मेन शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मानवता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
अध्यक्षता करते हुए सकल जैन समाज अध्यक्ष श्री प्रदीप कीमती ने कहा कि नारी समाज निर्मात्री है। वह परिवार में संस्कारों के साथ ही शिक्षित समाज की परिकल्पना का विस्तार करती है। विनस अलायज ने फतेहगढ़ के तीन शासकीय स्कूलों में अधोसरंचनात्मक विकास तथा शैक्षणिक जरूरतों की पूर्ति की है।
विद्यालय प्राचार्य श्री सुदीप दास ने कहा कि बालागंज स्कूल को ईपीएन विद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ है। विद्यालय के पास दो आधुनिक कम्प्यूटर लेब विद्यमान है। विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों पर भी बल दिया जा रहा है। यहां की छात्रा हॉकी में नेशनल स्तर पर पहुंची है। जैन सोश्यल ग्रुप मेन द्वारा दिया गया फर्नीचर छात्राओं के विद्याध्ययन में उपयोगी साबित होगा।
जेएसजी संयोजक श्री संजय लोढ़ा ने कहा कि शिक्षित नारी समाज में सृजन करती है। जेएसजी शहर की आदर्श समाजसेवी संस्था है, जो समाज की हर क्षेत्र में काम कर रही है।
इस अवसर पर ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष विजय दुग्गड़, सतीश लोढ़ा, अजीत बंडी, विशाल गोदावत, सचिव नरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश मारू, कोषाध्यक्ष कुशल नाहर, बीओडी मेम्बर संजय डोसी, अशोक कर्नावट, प्रवीण उकावत, अशोक जैन फिटिंग, दिनेश मेहता, कमल कच्छारा, संजय नीमा, अरूण जैन सहित विद्यालय स्टॉफ मेम्बर  उपस्थित रहे। संचालन शिक्षक संतोषकुमार द्विवेदी ने किया एवं आभार ग्रुप सचिव नरेन्द्र चौधरी ने माना।