नपा परिषद् के द्वारा संजीवनी क्लिनिक का भूमिपूजन व आंगनवाड़ी केन्द्र का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित

महावीर अग्रवाल
मन्दसौर ६ मई ;अभी तक;  शनिवार को नपा परिषद के द्वारा शहर किला रोड़ पर दूरदर्शन प्रसारण केन्द्र के पास लगभग 25 लाख रू. की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का भूमिपूजन एवं शहर माली चौक में लगभग 11 लाख रू. की लागत से बने आंगनवाड़ी केन्द्र का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वा
                             र्ड नं. 23 व 24 के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित इस भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विधायक श्री यशपालसिंह सिसौदिया, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता प्रितेश चावला, भाजपा दक्षिण मण्डल अध्यक्ष श्री अजय आसेरी, सीएमओ श्री सुधीर कुमार सिंह, क्षेत्रीय पार्षदगण श्रीमती रेखा राजेश सोनी ऐरावाला, श्रीमती खेरून बी शेहजाद पटेल भी मंचासीन थे। इन सभी ने वार्ड नं. 23 व 24 में बने महिला स्नानगृह के कायाकल्प कार्य का निरीक्षण भी किया तथा क्षेत्र के नागरिकों से चर्चा की। यहां बनने वाले संजीवनी क्लिनिक में कुल 7 कक्ष व एक हाल बनेगा तथा इसका निर्माण लगभग 1700 वर्गफीट में होगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल कियावत, रेडक्रास चेयरमेन प्रीतेश चावला, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरज पाटीदार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश पालीवाल भी उपस्थित थे।
                           सांसद श्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि मंदसौर नगर में चार अलग-अलग स्थानों पर चार संजीवनी क्लिनिक बन रहे है। इन अस्पतालों के बनने से नगर की स्वास्थ्य सुविधायें बेहतर होगी। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से कर रही है। केंद्र की सरकार ने पिछले 9 वर्षों में देश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में पर्यटन को प्रोत्साहन देने वाले कार्यों को पूर्ण कराया है। मंदसौर नगरपालिका नगर के विकास के लिये पूरी सजगता से कार्य कर रही है।
                                 विधायक श्री सिसौदिया ने कहा कि मंदसौर नपा परिषद जनता की सेवा के लिये हर संभव काम कर रही है। मंदसौर नगर चारों दिशाओं से फोरलेन से जुड़ चुका है तथा चारों दिशाओं में सेंट्रल लाईट की दुधिया रोशनी जगमगा रही है। नपा परिषद 19 करोड़ की लागत से दो नये पम्प हाउस बना रही है इससे बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान हो जायेगा। नपा आर्थिक दृष्टि से प्रदेश की सबसे सक्षम नपा परिषद है। नपा अपनी आय के स्त्रोत और बढ़ाये। आपने इस अवसर पर मछली बाजार में मांगलिक शेड के निर्माण के लिये 10 लाख रू. की राशि देने की घोषणा की।
                                 भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री गुर्जर ने कहा कि नपा परिषद जून माह तक नये पम्प हाउस का निर्माण पूर्ण करायेगी। नपा ने पम्प हाउस के पानी की निकासी के लिये अधिक क्षमता के पम्प लगाने जा रही है ताकि वर्षा के दौरान बाढ़ के हालात पैदा न हो। आगामी समय में नपा जिनके टेण्डर हो चुके है उनके भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित करेगी। कायाकल्प अभियान में जिन सड़कों का निर्माण होना है उनका काम भी शुरू होगा। कार्यक्रम में भाजपा दक्षिण मण्डल अध्यक्ष अजय आसेरी ने भी अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय पार्षदगण रेखा सोनी ऐरावाला, खेरून बी शेहजाद पटेल, नपा पार्षदगण सुनीता भावसार, भावना पमनानी, आशीष गौड़, युसुफ गौरी, पार्षद प्रतिनिधि नरेन्द्र बंधवार, विनय दुबेला, भाजपा नेता अरूण शर्मा, राजाराम तंवर, जाकीर नागौरी, शेहजाद पटेल, सुरेश देवड़ा, प्रदीप गुप्ता, घनश्याम सोनी, कन्हैयालाल भाटी, दीपक गाजवा, आदिल अंसारी, बंशी राठौर, हेमन्त सौलंकी, इमरान अब्बासी, रवि सोनी, सादिक गामा, पंकज साकी, रेखा चंदेल, रूबीना बी सहित गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन मण्डल महामंत्री नितिन ब्रिजवानी ने किया।