निजी यात्री बस के रेलिंग तोड़कर पुल के नीचे गिरने से 24 मृत, 39 घायल

आशुतोष पुरोहित

खरगोन 9 मई अभीतक : मध्य-प्रदेश के खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र में आज एक निजी यात्री बस रेलिंग तोड़कर बोराड़ नदी में गिर जाने की बड़ी दुर्घटना के चलते अब तक तीन बच्चों समेत 24 यात्रियों की मृत्यु हो गई है, और 39 यात्री घायल हुए हैं।
जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर निजी यात्री बस नीचे गिर गई जिसके चलते मौके पर ही 15 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई थी। करीब 50 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने तीन अन्य को मृत घोषित किया । उपचार के दौरान से 6 अन्य ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन बच्चे और 9 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से 11 को इंदौर रेफर किया गया है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रु गंभीर घायलों को 50,000 रु तथा साधारण घायलों को 25,000 रु की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि खरगोन और इंदौर में घायलों का सम्पूर्ण उपचार कराया जाएगा।
घटना के बाद हेलीकॉप्टर से खरगोन पहुंचे प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने कहा कि 35 सीटर बस में करीब 70 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि घटना के प्रति सरकार गंभीर है और आरटीओ बरखा गौड़  को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों से चर्चा के आधार पर बताया कि बस की गति काफी तेज थी। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि जिले की समस्त यात्री बसों की फिटनेस तथा अन्य दस्तावेजों की तत्काल जांच की जाए। उन्होंने खरगोन विधायक रवि जोशी के आरोपों पर कहा कि यदि पुल बनाने में कोई तकनीकी खामी रही होगी जांच के उपरांत दोषियों पर कार्रवाई होगी।