पुलिस ने हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, दस देशी कट्टे व अधिया जप्त

देवेश शर्मा
मुरैना 3 अप्रैल ;अभी तक; मुरैना जिले की चिन्नौनी थाना पुलिस ने मंगलवार को जेरेना गांव में एक अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को भी पकड़ा है। पुलिस ने फैक्ट्री से दस 315 बोर के देसी कट्टे, एक देसी 315 बोर की अधिया तथा कुछ जिंदा राउंड जप्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने उपरोक्त जानकारी मंगलवार को मीडिया को दी।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि चिन्नौनी थाना पुलिस को एक अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री की जानकारी लगी। जानकारी मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस और जौरा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस को दो व्यक्ति मिले, जिनमें से एक आरोपी मौके से फरार हो गया था। एसपी ने बताया कि एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपों की पहचान बालवीर पुत्र सुरेश कुशवाहा, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। उसके साथ में जो व्यक्ति मौजूद था तथा भाग गया था उसकी पहचान विजय सिंह कुशवाहा निवासी जेरेना गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने बल्लू उर्फ बलवीर कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है तथा दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है।