बडवाह में निकली साधु संत की ऐतिहासिक पेशवाई, महिलाओं की निकली भव्य क्लश यात्रा, श्रदालुओ का सैलाब उमडा

आशुतोष पुरोहित

खरगोन 24 मई ;अभी तक;  मध्यप्रदेश के  खरगोन जिले के बडवाह में नर्मदा तट स्थित सुंदरधाम आश्रम में आज से आयोजित 75 वे सात दिवसीय विष्णु महायज्ञ के पहले दिन शहर में संतो की अद्भूत और ऐतिहासिक  पेशवाई निकाली गई। शोभा यात्रा में पहली बार देश के कोने कोने से पहुंचे साधु संतो सहित श्रदालुओ का सैलाब उमडा। 1100 महिलाओ की क्लश यात्रा के साथ हजारो लोग शोभायात्रा में शामिल थे।

                               इस दौरान शहर में जगह जगह पशवाई और महिलाओं की क्लश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। बड़वाह की धरती उस समय और अधिक पावन हो गई जब देश के विभिन्न प्रांतों से आए संतो ने अपने चरण रखे। शहर में पहली बार इतनी अधिक संख्या में संतो का समागम  शोभायात्रा के रूप में निकला।

                                  सुबह से ही भीषण गर्मी के बाबजूद कालका माता मंदिर से पेशवाई प्रारंभ हुई। इस पेशवाई में  एक और जहां संत अपने अपने आश्रम,अखाड़ों और मठों से आए भक्तो के साथ चल रहे थे,तो वही दूसरी और बड़ी संख्या में नगरवासी दर्शन कर खुद को धन्य मान रहे थे। लाल और पीली साड़ी पहने महिलाएं सिर पर कलश धारण शोभायात्रा का आकर्षण था। महाराष्ट्र से आए गर्जना ढोल ग्रुप और झांझ की गूंज से पूरा शहर गुंजायमान हो रहा था। हाथो में केसरिया ध्वज पताकाओ से भी पूरा माहौल धर्ममय नजर आ रहा था। जगह जगह संतो के वंदन के लिए जनसमुदाय पलक पांवड़े बिछाए नजर आया। जिधर देखो उधर से बस पुष्पवर्षा हो रही थी।

                                        शोभायात्रा इतनी अधिक विशाल थी की शुरुआती छोर मुख्य चौराहे पर था तो अंतिम छोर झंडा चौक पर ही था।हाथी,घोड़े,बैंड ये सभी इस शोभायात्रा की आकर्षण का केंद्र रहे। बाहर से आए राधाकृष्ण के वेश में कलाकारों ने मार्ग के दौरान सुंदर रासलीला प्रस्तुत की।

                                      करीब 20 से अधिक बग्गीयो पर सैकड़ो संत इस पेशवाई में सम्मिलित हुए।सुंदरधाम आश्रम के गादीपति संत महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 बालकदास जी महाराज और महंत श्रीश्री 1008 माधवाचार्य जी महाराज(डाकोर इंदौर खालसा) बग्गी में सभी भक्तो को आशीर्वाद दे रहे थे। दूसरी तरफ आश्रम और व्यवस्थापक श्रीश्री 108 नारायणदास जी महाराज पैदल चलकर सभी को आशीर्वाद दे रहे थे। हजारों लोग इस संतो के स्वागत और इस शोभायात्रा के  साक्षी बने। हर कोई बस गुरुभक्ति में लीन नजर आया। बडवाह विधायक सचिन बिरला, नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित शहर के सैकडो प्रबुद्धजनो ने संतो की अगुवानी कर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।