बालाजी ग्रुप ने निकाली धुलेंडी पर्व पर परम्परागत रंगारंग महागैर

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर २६ मार्च ;अभी तक;  महावीर फतेह करे सेवा संस्था (बालाजी ग्रुप) द्वारा भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव की नगरी में धुलेंडी पर्व पर 25 मार्च को 11वी विशाल रंगारंग महागैर संतों के सानिध्य में निकाली। महागैर में शामिल गुलाल फायटर ने मंदसौर नगर को रंगों से सराबोर कर दिया। इस ऐतिहासिक गैर में नगर के बच्चे, युवा व वृद्धों ने उत्साह से भाग लिया और एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी। महागैर ने ऐसा समां बांधा कि हर चेहरे पर रंग गुलाल नजर आया।
                                        गैर का शुभारंभ भगवान श्री द्विमुखी गणपति मंदिर में संतगण एवं समाज प्रमुखों द्वारा पूजा अर्चना कर किया गया। महागैर जैसे जैसे आगे बढ़ती हुई युवाओं की टोलियां गैर में शामिल होती गई। शुक्ला चौक पहुंचते हुए गैर ने विशाल रूप ले लिया। बालाजी ग्रुप द्वारा बनाई गई विभिन्न समितियों के मार्गदर्शन में अनुशासनात्मक रूप से निकली इस गैर की हर कोई प्रशंसा कर रहा था। गैर निर्धारित मार्गों से होती हुई भारत माता चौराहा पर पहुंची जहां समापन हुआ।
                                            बालाजी ग्रुप के जिलाध्यक्ष लोकेन्द्र मंगल बैरागी ने बताया कि महागैर की अगवानी चैतन्य आश्रम के संत श्री मणिमहेश चैतन्य जी म.सा., पं. विष्णु शर्मा ने की। महागैर में दिल्ली की अघोरी झांकी, वृंदावन का महारास, मंदसौर के ढोल, विशाल भगवा ध्वज विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे जिनके साथ-साथ युवक भी जमकर थिरके। साथ ही फायर फायटर से रंगों व तोप से फूलों की बरसात की गई। 31 क्विंटल हर्बल गुलाल व 11 क्विंटल फूलों ने महागैर मार्ग की सड़कों को रंगों से सरोबार कर दिया। गैर का कई जगह गुलाल, पुष्पवर्षा व स्वल्पाहार से स्वागत किया गया। महागैर में अनुशासन बनाये रखने के लिये ग्रुप के 101 कार्यकर्ताओं की टोली भी व्यवस्था बना के रख रही थी। महागैर में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी सम्मिलित हुए। सभी का ग्रुप नगर अध्यक्ष गणपत कुमावत ने आभार माना।