सर्व ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को दिया ज्ञापन

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर २६ मई ;अभी तक   सर्व ब्राह्मण समाज म.प्र. के तत्वावधान में अभियान संयोजक पं. विकास अवस्थी के नेतृत्व में सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में ब्राह्मण छात्रवृत्ति आंदोलन की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में मंदसौर में सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष पं. अरूण शर्मा के नेतृत्व में दशोरा ब्राह्मण समाज के कुलदेवी पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव को देकर ब्राह्मण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने की मांग की गई।
                                प्रदेश उपाध्यक्ष पं. अरुण शर्मा ने बताया कि विगत 15 मई  को इंदौर से ब्राह्मण छात्रवृत्ति आंदोलन की शुरूआत हो चुकी है। ज्ञापन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में कई कल्याणकारी योजनाएं जनहित में चलाई है मध्यप्रदेश की सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के विभिन्न वर्गों को संरक्षण प्रदान कर रहे है, किन्तु इनमें आर्थिक रुप से कमजोर ब्राह्मण वर्ग की अनदेखी की जा रही है। मुख्यमंत्री जी ने  लाडली बहना जैसी अभूतपूर्व अभियान चलाए जा रहे है। एसटी एससी और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिये भी आपके द्वारा कई प्रकार की सहायता दी जा रही है जो सराहनीय है किन्तु इन सभी योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण विद्यार्थी लगातार वंचित हो रहे है अपनी उपेक्षा और आर्थिक कमजोरी के कारण ऐसे बच्चे अपनी पढ़ाई निरन्तर जारी रखने में असमर्थ हो रहे है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नारे ‘‘सबका साथ सबका विकास’’ आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मणों की उपेक्षा के चलते हुए पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है। हम जानते है कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता से समान रूप से प्रेम करते हैं, लेकिन कहीं आपकी दृष्टि आर्थिक रुप से कमजोर ब्राह्मण विद्यार्थियों पर नहीं पड़ रही है।
                                     ज्ञापन में मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण विद्यार्थियों को एससी एसटी पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के समान ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाये। यदि इस मांग को शीघ्र पुरा नहीं किया गया तो ब्राह्मण समाज सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में उग्र आंदोलन के लिये बाध्य होगा।
                                       ज्ञापन का वाचन पं. मिथलेश नागर ने किया। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष गायत्री प्रसाद शर्मा, नगर अध्यक्ष जयेश नागर, महिला प्रमुख संध्या शर्मा, परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र व्यास, हरिशंकर शर्मा, प्रदेश ब्राह्मण समाज के दिनेश दशोरा, पिंटू प्रहलाद शर्मा, भरत गर्ग  सहित हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित थे।