आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी श्री लालपुरा ने नांदवेल में आम सभा को संबोधित किया

महावीर अग्रवाल

 मंदसौर १० जून ;अभी तक;  आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब के विधायक एवं मध्यप्रदेश के सह प्रभारी श्री मनजिंदरसिंह लालपुरा के आगमन पर ग्राम नांदवेल में आम सभा एवं रैली का आयोजन किया एवं भव्य स्वागत किया गया।
                                      ग्राम नांदवेल में लोगों का भारी जनसमर्थन देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। श्री लालपुरा ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में हमारा मुख्यमंत्री बनता है तो सबसे ज्यादा ग्रांट राशि विकास के लिए नांदवेल ग्राम को देंगे, क्योंकि सह प्रभारी के नाते भारी जनसमर्थन के साथ मेरी पहली जनसभा यहां हुई है। मध्यप्रदेश का नाम हम किताबों में पढ़ते थे कि भारत का दिल है लेकिन दिल के हालात ही यहां बुरे हैं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि यहां भ्रष्टाचार है या नहीं? गुंडागर्दी है या नहीं? क्या यहां सभी स्कूल अच्छे हैं? अस्पताल अच्छे हैं? वहां मौजूद लोगों ने कहा कि बहुत बुरी हालत है। लालपुरा ने कहा कि जब अच्छे नहीं हैं तो इन लोगों को वोट क्यों डालते हो, हम किसी पार्टी के परमानेंट वोटर है, यही सोच तो देश को गड्ढे में गिरा रही है। बड़े बुजुर्गों ने भी अभी तक दो ही सरकारें देखी है और यह हाल हो गया है। विश्व देख रहा है कि भारतीयों को भाजपा और कांग्रेस के अलावा कुछ दिखता ही नहीं है। क्या हमें बदलाव करना चाहिए ,जिंदगी में दो पार्टियों का राज देखा है, तीसरी को देखना चाहिए कि नहीं ?
                                  अरविंद केजरीवाल ने बोला था कि एक मौका दे दो! तो लोगों ने एक मौका दे दिया, अब दिल्ली से मौका जा नहीं रहा और भाजपा बोलती है कि आम आदमी पार्टी वाले झूठे हैं। बोलते तो एक मौका दे दो लेकिन एक बार आने के बाद जाते ही नहीं हैं। ऐसा ही पंजाब में हुआ है। आम आदमी पार्टी लोगों के दिलों में बस जाती है। जनसभा में श्री लालपुरा के साथ मंदसौर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रमुख श्री नवीन कुमार अग्रवाल, जिला अध्यक्ष गंगाराम पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष विकास सोलंकी जिला यूथ विंग अध्यक्ष अरुण परमार थे । जनसभा का आयोजन जिला उपाध्यक्ष चैनसिंह सोनगरा एवं ब्लॉक अध्यक्ष मंदसौर सुरेश राठौड़ नांदवेल के नेतृत्व में भागीरथ कुमावत, शिवप्रतापसिंह, भरत राठौड़, मनीष कुमावत, रफीक मंसूरी, भैरूसिंह हरचंदी, ईश्वरलाल हरचंदी, भरत बादरा, कयूम मंसूरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।