लायंस डायनेमिक ने ग्राम चांगली में संस्कार शिविर आयोजित किया

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर २६ अक्टूबर ;अभी तक;  लायंस क्लब मंदसौर डायनेमिक ने ‘‘गांव चलो सेवा करो’’ प्रकल्प के तहत ग्राम चांगली स्थित विद्यालय में संस्कार शिविर का आयोजन किया।
                                      शिविर में क्लब अध्यक्ष पुष्पा चेलावत ने बच्चों से कहा कि नई पीढ़ी के व्यक्तित्व के निर्माण के लिए उनको अच्छी शिक्षा-दीक्षा, अच्छी आदतों तथा नैतिक मूल्यों के साथ-साथ इन संस्कारों को बचपन से ही उनके अंदर डालना चाहिए, तभी युवा होकर वह एक अच्छा इंसान बनेगा और अपने देश का एक अच्छा नागरिक होगा। आपने कहा कि परिवार बच्चे की प्रथम पाठशाला है  वहीं से वह अच्छे  संस्कार सीखता है। मां उसकी पहली गुरु होती है। माता-पिता का यह दायित्व होता है की वह अपने बच्चे को संस्कारवान बनाये।  आपने कहा कि अपने बच्चे में अच्छे संस्कार का बीजारोपण करने के लिए परिवार को भी एक अच्छा  इंसान बनना होगा। जिससे आपका बच्चा आपको ही अपना मार्गदर्शक और आदर्श मान सके। आपने कहा कि प्रत्येक बच्चे के अंदर यह नैसर्गिक गुण होना चाहिए की वो सभी के साथ प्रेम से रहे। आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना के बल पर वह अपने परिवार, विद्यालय और समाज में प्रतिष्ठित स्थान पा सकता हैं।
                                      इस अवसर पर क्लब मेंबर चित्रा मण्डलोई, ललिता मेहता, मनीषा सोनी, नीलम जैसवानी, रीमा सैनी सहित विद्यालय स्टाफ व बच्चे उपस्थित थे । संचालन नीलिमा जैसवानी ने किया एवं आभार रीमा सैनी ने माना।