ग्राम ललार विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगा : मंत्री श्री सिंह

दीपक शर्मा

पन्ना २६ जून ;अभी तक; पन्ना जिले के ग्राम ललार अब विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामवासियों की सहमति से इस गांव के विस्थापन की बजाए सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नदी, टापू और नेशनल पार्क की सीमा से लगे ललार में ग्राम के लोगों की सभी समस्याओं का समय सीमा में निराकरण होगा।

                          खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने यह बात आज पन्ना जनपद पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्राम ललार में जनसमस्या निवारण शिविर के मौके पर कही। जिला कलेक्टर के विशेष प्रयास से शिविर का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व रिपुदमन सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय सहित ग्राम पंचायत सरपंच एवं सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विभागीय अधिकारियों द्वारा निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा गांव में पुल-पुलिया, सड़क, हाईस्कूल और उप स्वास्थ्य केन्द्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री सड़क बनने से आवागमन की बेहतर सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने रनगुवां बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के दौरान आवागमन की दिक्कतों और जनहानि की आशंका के मद्देनजर अलार्म सुविधा दुरुस्त व विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिला प्रशासन द्वारा वृहद स्तर के शिविर आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय विभागों का मैदानी अमला निरंतर ड्यूटी कर ग्रामवासियों की हरसंभव मदद करेगा। शासकीय सेवकों के कार्यों की मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

मंत्री ने ललार को पर्यटन की दृष्टि से टूरिस्ट विलेज के रूप में विकसित करने की बात कही। साथ ही लोगों की मांग पर टैंकर और नाव प्रदान करने के निर्देश भी दिए। नेशनल पार्क क्षेत्र में आस्था के केंद्र वाले मंदिरों को सुविधानुसार खोलने के लिए भी कहा। मंत्री ने लाड़ली बहनों से संवाद कर न्यूनतम 21 वर्ष की विवाहित महिलाओं को भी आगामी दिनों में योजना का लाभ मिलने के बारे में बताया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्रों का हितग्राहियों को वितरण किया। ग्राम के बुजुर्ग व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों की भांति ललार के ग्राम पंचायत कार्यालय को भी ग्राम जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के नाम पढ़कर सुनाए। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन की टीम ग्रामवासियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा विभाग की जानकारियों से अवगत कराया गया।