प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश धर्म के मार्ग पर चल रहा है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

रवींद्र व्यास

छतरपुर 08 मार्च ;अभी तक;  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित पंचम विशाल सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में शामिल हुए और नव दंपत्तियो को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सफल और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं  दी। 

                                     इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कन्यादान सबसे बड़ा दान है।  बागेश्वर धाम में आगामी शुभ मुहूर्त में बड़ी संख्या में निर्धन और जरूरतमंद परिवार की बेटियों के विवाह संपन्न करवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री  ने कहा कि क्षेत्र के  सभी धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और पुरातन समय के प्रत्येक मंदिरों में पूजन का प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश धर्म के मार्ग पर चल रहा है और विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। भारत 21वीं शताब्दी में दुनिया में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जरूरी बताते हुए कहा कि आनंद और उल्लास के वातावरण में सामूहिक विवाह के गौरवशाली आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलने से जीवन धन्य हो गया। बागेश्वर धाम में सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

                             मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने  केन बेतवा लिंक परियोजना  पर बोलते हुए कहा  कि इसके शुरू होने  से बुंदेलखंड में समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से हुई किसानों को फसल नुकसान की शत प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाएगा।

                                सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि आइकॉनिक सिटी खजुराहो के साथ बागेश्वर धाम की भी देश में अलग पहचान स्थापित हुई है। हरियाणा से आए कुश्ती पहलवान दिलीप सिंह राणा उर्फ  खली ने एक स्थल पर गरीब कन्याओं के विवाह आयोजन को अनूठा और समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

                            बागेश्वर धाम में  सामूहिक विवाह कार्यक्रम का यह पंचम आयोजन था। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल,  लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंहजनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाहखाद्धनागरिक आपूर्ति मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत,  संस्कृति एवं पर्यटन (राज्यमंत्री स्वतंत्र)  श्री धर्मेन्द्र लोधीएवं पशुपालन राज्य मंत्री श्री लखन पटेलसांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा भी उपस्थित थे।

                                इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री खजुराहो विमानतल के लिए रवाना हुए। इस मौके पर अनेक जनप्रतिनिधिसंभागायुक्त डा. वीरेंद्र सिंह रावतआईजी श्री प्रमोद कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।