न्याय विभाग, भारत सरकार द्वारा राज्य स्तरीय टेली लॉ कार्यशाला एवम मेले का आयोजन

संतोष मालवीय
भोपाल २९ फरवरी ;अभी तक;  न्याय विभाग, भारत सरकार के द्वारा जन जन तक अपनी जनहित सेवाओं की जानकारी प्रदान करने हेतु एक दिवसीय स्टेट लेवल टेली लॉ कार्यशाला एवं मेले का आयोजन दशहरा मैदान स्थित कैरियर कॉलेज में किया गया। उक्त कार्यशाला के अंतर्गत जन सेवा जनता के द्वार अभियान के तहत आम आदमी ने सीएससी एवं प्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
                                 न्याय विभाग, द्वारा उक्त कार्यशाला का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि आरसीएस बिसेन सदस्य सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, भरत व्यास अतिरिक्त सचिव विधि और विधायी कार्य विभाग, मध्य प्रदेश शासन, एसपीएस बुंदेला सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मनीष राजोरिया चेयरमैन कैरियर कॉलेज ऑफ ग्रुप एवं उमेश कुमार राज्य प्रमुख सीएससी द्वारा किया गया। न्याय विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित टेली लॉ सर्विस के अंतर्गत वकीलों द्वारा लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह प्रदान कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाता है।
                                टेली-लॉ-प्रोजेक्ट के स्टेट काऑर्डिनेटर आशीष द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सीएससी ई-गवर्नेस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा चलाए जा रहे सीएससी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिक केंद्रित सेवाएं और पीएम योजनाएं प्रदान की जा रही हैं। सीएससी ई-गवर्नेस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड न्याय मंत्रालय के तहत चलने वाली टेली-लॉ परियोजना की कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में काम करती है। टेली-लॉ परियोजना के अंतर्गत सीएससी संचालक सम्बद्ध वकीलों के माध्यम से नागरिकों को मुफ्त कानूनी परामर्श प्राप्त करने में मदद करते हैं।