पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पन्ना में हुआ प्लेनेटोरियम शो का आयोजन

दीपक शर्मा

पन्ना ७ फरवरी ;अभी तक; पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पन्ना में विद्यालय के प्राचार्य अमित दाहिया के प्रयासों से बच्चों को निःशुल्क तारामंडल एवं अन्य खगोलीय रहस्यों को लाइव शो के माध्यम से दिखाया गया। इसमें कक्षा पहली से बारहवीं तक के लगभग 900 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

बच्चों को बताया गया कि अंतरिक्ष एवं ब्रह्माण्ड हमेशा से मानव के लिए कौतूहल और आश्चर्य का विषय रहा है। चंद्रयान 3 की सफलता ने स्पेस साइंस में रुझान को एक नया आयाम दिया है। इन्हीं उत्सुकताओं के समाधान और विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से यह शो आयोजित किया गया। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनुभव भी साझा किए गए। शो के माध्यम से विद्यालय के सभी विद्यार्थियों द्वारा प्रसन्नता का अनुभव कर ज्ञान प्राप्त किया गया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पन्ना के बनने के पश्चात इसमें नित्य नए आयामों के माध्यम से नई शिक्षा नीति को लागू किया गया। शो को देखते हुए छात्र ऐसा महसूस कर रहे थे, मानो वे स्वयं अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हों। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि इस प्लैनेटोरियम के द्वारा विद्यार्थियों में अंतरिक्ष से सम्बंधित ज्ञान में निश्चित तौर पर वृद्धि होगी।