बहनों के जीवन को बेहतर बनाना ही मेरा मकसद है – मुख्यमंत्री  चौहान

देवेश शर्मा
मुरैना 08 सितम्बर ;अभी तक;६ मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बहनों के जीवन को बेहतर बनाना ही मेरा मकसद है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रतिमाह पहले एक हजार रूपए और अब उसे बढ़ाकर 1250 रूपए किया है। इसे और बढ़ाकर तीन हजार रूपए तक किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शनिवार को मुरैना जिले के सबलगढ़, जौरा और कैलारस में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर केन्द्रीय कृषि कल्याण मंत्री  नरेन्द्र सिंह तोमर, खजुराहो सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  वी डी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे।
                                                मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा है कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना और उसके बाद लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण का कार्य किया जा रहा है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु प्रदेश में कार्य किया जायेगा। स्व-सहायता समूह की महिलायें, राशन की दुकान, स्कूली बच्चों की यूनीफॉर्म सिलने के साथ-साथ प्रदेश में दलिया बनाने के कारखानों का संचालन भी करेंगीं।
                                      मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि अब हमारी माता-बहनों को पानी लाने घर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अब पाइप लाइन बिछाकर हर घर में टोंटी के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश में अनेक महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ हुए हैं। लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और स्व-सहायता समूहों को सशक्त बरने की दिशा में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बना है।
                                  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गाँव, गरीब और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान कार्ड बनाकर सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।
                                    केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान मुरैना आए हैं तो खाली हाथ नहीं आए हैं, विकास कार्यों की सौगातें लेकर आए हैं। श्री तोमर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। इसकी सराहना सम्पूर्ण देश में हो रही है।
                            केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में देश भर में विकास और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार की योजनाओं और मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश देश में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
                            कार्यक्रम में खजुराहो सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  वी डी शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आम जनों के जीवन को बेहतर और खुशहाल बनाने की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है। प्रदेश में विकास के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, किसानों के जीवन में खुशहाली लाने और हर जरूरतमंद को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने का कार्य किया गया है।