शहडोल में शुक्रवार को ट्रैफिक रहेगा डाइवर्ट 

मोहम्मद  सईद
शहडोल, 29 फरवरी अभी तक। शुक्रवार 1 मार्च को शहडोल आने और जाने के लिए यातायात को डाइवर्ट किया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 1 मार्च को शहडोल आने और जाने वाले मार्ग की यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए वाहनों की पार्किंग भी पुलिस द्वारा निर्धारित की गई है।
                                 यातायात डीएसपी मुकेश दीक्षित ने बताया कि ऐसे भारी और हल्के वाहन जिन्हें अनूपपुर से शहडोल होकर पाली, उमरिया जाना है, वह सीधे बाईपास होकर निकलेंगे और बगिया तिराहा से शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। कोई भी वाहन धुरवार टोल प्लाजा से मेडिकल कॉलेज चौराहा के बीच आम रोड पर खड़े नहीं होंगे।
                          उन्होंने बताया कि ऐसे वाहन जो सिंहपुर से शहडोल होकर उमरिया, पाली, रीवा तरफ जाना चाहते हैं व किया तिराहा से न्यू बस स्टैण्ड, बाणगंगा तिराहा होकर भूसा तिराहा बाईपास होकर जाएंगे। भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान बगिया तिराहा से किया तिराहा तरफ जाने वाला ट्राफिक त्रिदेव होटल के बगल से एम.आर. सिटी वाली रोड से होते हुए हाईवे पर किया तिराहा बाईपास निकलेंगे। ऐसे वाहन जो रीवा से शहडोल होकर सिंहपुर, रायपुर तरफ जाना चाहते हैं वे राजाबाग चौक से आई.टी.आई., भूसा तिराहा, बाणगंगा तिराहा, कोटमा तिराहा, न्यू बस स्टैण्ड, बगिया तिराहा होते हुए सिंहपुर रोड के तरफ से जाएंगे। शहर के अंदर का ट्राफिक सामान्य रूप से प्रतिदिन की भांति संचालित रहेगा।
                               डीएसपी यातायात श्री दीक्षित ने बताया कि बस स्टैण्ड से बुढार, अनूपपुर तरफ जाने वाली बसें कुदरी रोड होते हुए मेडिकल कालेज चौराहा से हाईवे होते हुए जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान बगिया तिराहा के पास त्रिदेव होटल कैंपस की पार्किंग पर दो पहिया और चार पहिया वाहन पार्क कराये जाएंगे। भाजपा कार्यालय परिसर के बाहर व्ही.आई.पी. पास धारकों के वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी और हैलीपैड के पास व्ही.आई.पी. पास धारकों के वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।