एम.पी. ट्रांसको ने गंजबसोदा में स्थापित किया, १60 एम.व्ही.ए. क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर

पुष्पेंद्र सिंह
     जबलपुर २४ अगस्त ;अभी तक;  एम.पी. ट्रांसको (म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी) ने विदिशा जिले के 220 के.व्ही. सबस्टेशन गंजबसोदा में अतिरिक्त 160 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि विदिशा क्षेत्र में एम.पी. ट्रांसको की पारेषण क्षमता को सुदृढ़ता और अधिक भरोसेमंद करने के लिये सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि करते हुये 160 एम.व्ही.ए. क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित हो जाने से 220 के.व्ही. गंजबसोदा सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 320 एम.व्ही.ए. हो गई है।
            मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि लगभग 14.84 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर को भोपाल स्काडा कंट्रोल सेंटर से रिमोट टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है। विदिशा जिले में पहली बार इस तकनीक का उपयोग हुआ है, इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशील के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित एवं संचालित किया जाता है।
              श्री तोमर ने बताया कि इस क्षमता वृद्धि से विदिशा जिले की पारेषण क्षमता को सुदृढ़ता प्रदान हुई है, इससे गंजबसोदा से जुडे़ 132 के.व्ही. के शहर्वासा, बरेथ, ग्यारसपुर सबस्टेशनों को फायदा पहुॅचेगा, इसके अलावा सिरोंज, केलावा, कंजाना, मासोदपुर, सोमवारा, बासौदा, गुलाबगंज, व्योंदा, पठारी, बनवा जागीर, उदयपुर आदि क्षेत्रों के विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध रहेगी। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने इस सफलता के लिये एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई दी है।
*78165 एम.व्ही.ए. हो गई है कुल स्थापित क्षमता*
            एम.पी. ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता श्री मोहम्मद याकूब मंसूरी ने बताया कि कुल स्थापित ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर अब 78165 एम.व्ही.ए. की हो गई है, जिसमें 400 के.व्ही. में 11095 एम.व्ही.ए., 220 के.व्ही. में 32585 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. में 34485 एम.व्ही.ए. क्षमता विद्यमान है। एम.पी. ट्रांसको मध्यप्रदेश में अपने 414 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। जिसमें 400 के.व्ही. के 14, 220 के.व्ही. के 88 तथा 132 के.व्ही. के 312 सबस्टेशन शामिल है। एम.पी. ट्रांसको अपने कुल 1006 अति उच्च दाब पावर ट्रांसफार्मरों के माध्यम से प्रदेश में विद्युत आपूर्ति करती है।