भारत ने अरब सागर में तैनात किए 3 वॉरशिप:

रक्षा मंत्री बोले- जहाज के हमलावरों को समुद्र से भी ढूंढ निकालेंगे

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में 3 युद्धपोत तैनात कर दिए हैं। इनमें INS मोरमुगाओ, INS कोलकाता और INS कोच्चि शामिल हैं। इसके अलावा लगातार निगरानी और इलाके के बारे में जानकारी बनाए रखने के लिए P-8I विमान को भी तैनात किया गया है।

इसके अलावा पश्चिमी नेवल कमांड मैरीटाइम ऑपरेशन सेंटर भी दूसरी एजेंसियों और कोस्ट गार्ड के साथ इलाके में निगरानी करेगा। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि 23-24 दिसंबर को पहले M/V केम प्लूटो और फिर साईबाबा जहाज पर हुए हमलों की जांच की जा रही है। भारत सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। इन हमलों के लिए जो भी जिम्मेदार है, उन्हें समुद्र की गहराइयों से भी ढूंढ निकाला जाएगा।

INS इम्फाल से जुड़े एक इवेंट में रक्षा मंत्री ने कहा- हमने समुद्री इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। हमले के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। दरअसल, 23 दिसंबर को मेंगलुरु आ रहे एक मर्चेंट वेसल केम प्लूटो पर हिंद महासागर में ड्रोन से हमला किया गया था।

केम प्लूटो जहाज सोमवार को मुंबई के तट पर पहुंचा। इसके बाद नौसेना ने इसकी जांच की। उन्होंने बताया कि जहाज पर हमला तब हुआ था जब यह भारत के तट से 400 किमी दूर था। नेवी ने कहा- जहाज पर जो मलबा मिला है, उससे इस बात की पुष्टि होती है कि उस पर ड्रोन से हमला किया गया था।

<strong>केम प्लूटो जहाज की होगी फोरेंसिक जांच</strong>
इस जहाज पर 21 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 20 भारतीय और 1 वियतनाम का नागरिक था। जहाज पर फोरेंसिक जांच के जरिए ये पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि हमला कितनी दूरी, कौन से विस्फोटक से किया गया था और ये कितना खतरनाक हो सकता था।

जांच पूरी करने के बाद जहाज से सामान को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद इसे मरम्मत और दोबारा इस्तेमाल के लिए कंपनी को वापस सौंप दिया जाएगा। भारतीय तट रक्षक दल का एक जहाज- ICGS विक्रम सोमवार को केम प्लूटो को एस्कॉर्ट कर मुंबई लाया था। दरअसल, ड्रोन अटैक से जहाज में आग लगने के बाद इसे ऑपरेट करने में क्रू को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।