महावीर अग्रवाल
मन्दसौर १० जून ;अभी तक ; । उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के विद्यार्थियों ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अधिकारियों के साथ भारत के लोकतंत्र के सर्वाेच्च मंदिर – संसद भवन, नई दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस यात्रा का उद्देश्य छात्रों को भारत की संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक प्रणाली तथा ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी देना था।
यात्रा का शुभारंभ प्रातः कालीन समय में हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संकाय सदस्यगण विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। संसद भवन पहुँचने पर छात्रों ने संसद परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। उन्हें लोकसभा और राज्यसभा कक्ष, संविधान हॉल, केंद्रीय पुस्तकालय तथा विभिन्न ऐतिहासिक दीर्घाओं का अवलोकन कराया गया।
छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया, प्रश्नकाल और विभिन्न संसदीय समितियों के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, उन्हें संसद के ऐतिहासिक महत्व और इसके स्थापत्य सौंदर्य के बारे में भी बताया गया, जिससे छात्रों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति नई जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित हुई।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न अनुभागों से जुड़े अधिकारियों से भी संवाद किया और संसदीय प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे। छात्रों में इस अवसर को लेकर अत्यधिक उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
इस शैक्षणिक यात्रा ने छात्रों के ज्ञान को समृद्ध किया और उन्हें भारत के लोकतांत्रिक तंत्र की बारीकियों को समझने का अवसर प्रदान किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए दिल्ली स्थित अधिकारियों एवं संसद भवन प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
अधिष्ठाता डॉक्टर आई एस तोमर, उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर के दिशा निर्देशन में आयोजित यह यात्रा डाक्टर प्रमोद फतेहपुरिया के द्वारा संपन्न करवाई गयी। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया। उद्यानिकी महाविद्यालय के छात्र रविंद्र वर्मा, नंदिनी श्रृंगी, हरिओम सोंधिया, साक्षी पांडेय, अंकित कुमार, ज्ञान सिंह प्रीती यादव एवं सुरभि आचार्य ने इस भ्रमण कार्यक्रम में भाग लिया। उक्त जानकारी शैक्षणिक प्रभारी डॉ. रूपेश चतुर्वेदी ने दी।