आशुतोष पुरोहित
खरगोन 3 मई ;अभी तक ; खरगोन के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्राचार्य और शिक्षिका (लाइब्रेरियन) के बीच जमकर मारपीट का विडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने महिला प्राचार्य शिक्षिका को हटा दिया है।
वायरल विडियो में दोनो एक दूसरे को थप्पड़ मारे। इस दौरान चोटी पकड़कर दीवार पर प्राचार्य ने दबौच दिया और मोबाइल भी तोड़ा। हाथापाई के दौरान जमकर झूमा झटकी हुई। शुक्रवार की घटना का आज सोशल मीडिया पर विडियो वायरल हो रहा है। वायरल विडियो के बाद कलेक्टर के आदेश पर सहायक आयुक्त ने प्राचार्य और शिक्षिका लाइब्रेरियन को हटाकर एसी कार्यालय में अटैच कर दिया। महिला प्राचार्य प्रवीण दाहिया और शिक्षिका (लाइब्रेरियन) मधुरानी ने शिक्षा के मंदिर की मर्यादा को तार-तार कर दिया।
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग खरगोन प्रशांत आर्य ने बताया कि घटना का संज्ञान मिलने पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने दोनों को स्कूल से हटाकर सहायक आयुक्त कार्यालय में अटैच कर दिया है और इसके अलावा उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच झगड़ा ईगो और कार्य विभाजन को लेकर हुआ था।
मेनगांव थाना पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात महिला प्राचार्य प्रवीण दहिया और शिक्षिका (लाइब्रेरियन) मधु रानी एक दूसरे पर मारपीट के मामले को लेकर थाने आई थीं। उन्होंने बताया कि पुलिस कोई कार्रवाई करती, इससे पहले ही वे दोनों जिला अस्पताल पहुंच गईं और उन्हें भर्ती कर लिया गया। उन्होंने बताया कि छात्रों की किताबें छीनने को लेकर प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। उन्होंने बताया कि नियमानुसार इस मामले में विभागीय जांच बैठा दी गई है तथा रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर मारपीट का 2.48 मिनट का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें खरगोन जिला मुख्यालय से 8 किमी दूर केंद्र सरकार द्वारा संचालित शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में दोनों के बीच विवाद चल रहा था। दोनों बहस करते हुए मोबाइल पर विवाद रिकॉर्ड कर रहे थे। इसके अलावा प्रिंसिपल का बेटा व एक अन्य स्टाफ सदस्य मोबाइल पर घटना को रिकॉर्ड कर रहे थे। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और किसी आपत्तिजनक बात पर प्रिंसिपल ने लाइब्रेरियन को थप्पड़ मार दिया, तथा मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इसके बाद लाइब्रेरियन ने भी प्रिंसिपल की पिटाई कर दी।
इसके बाद दोनों एक-दूसरे के बाल खींचने लगे। प्रिंसिपल अपने बेटे को समझाती रही तथा लाइब्रेरियन दूसरे शिक्षक को वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहती रही। घटना के प्रत्यक्षदर्शी उन्हें बचाने नहीं आए। बाद में एक महिला स्टाफ ने आकर दोनों के बीच में हस्तक्षेप किया। उसने लाइब्रेरियन से कहा कि प्रिंसिपल को खून बह रहा है। वहीं लाइब्रेरियन ने बताया कि प्रिंसिपल ने भी उसकी जमकर पिटाई की है। लाइब्रेरियन ने प्रिंसिपल के बेटे पर भी आरोप लगाया है। प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन कहते नजर आए कि किसी के द्वारा हमला किए जाने पर खुद को बचाने का अधिकार सभी को है। इसी बहाने दोनों एक-दूसरे की पिटाई करते रहे।