मोहम्मद सईद
शहडोल 29 मार्च अभी तक। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद द्वारा धनपुरी नगर के विकास के लिए अनेकों कदम उठाए जा रहे हैं। कई ऐसे कार्य चल रहे हैं जो न सिर्फ कोयलांचल के लोगों बल्कि शहडोल जिले के लोगों के लिए भी सौगात होगा। इन्हीं में एक है वाटर पार्क, स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, रैन डांस, रेस्टोरेंट, पार्किंग व अन्य विकास कार्य। नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा धनपुरी में 25 करोड़ रुपए की लागत से इसका निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह वाटर पार्क व अन्य कार्य लगभग 10.30 एकड़ भूमि में होंगे।

मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री और शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शुक्रवार को धनपुरी नगर पालिका क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा निर्माण कराए जा रहे वाटर पार्क, स्विमिंग पूल व अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया।
विकास के लिए चाहिए जुनून और जज्बा
इस दौरान उप मुख्यमंत्री वह जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जुनून और जज्बे की जरूरत होती है, जो धनपुरी नगर पालिका क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों में है। क्षेत्र के विकास के लिए एक जुट होकर कार्य करें तो सभी कार्य सफल होते है। उन्होंने कहा कि धनपुरी नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे वाटर पार्क, स्विमिंग पुल व अन्य विकास कार्यों से धनपुरी के लोग ही नहीं बल्कि शहडोल संभाग के लोग भी इससे लाभांवित होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि धनपुरी नगर पालिका सशक्त नगर पालिका है और इसे अधिक विकसित करने का संकल्प ले और उसे पूरा करें।

जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी ने भी कार्यक्रम संबोधित किया। इस अवसर पर जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर, नगर पालिका परिषद धनपुरी के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धनपुरी पूजा बुनकर और जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पाण्डेय सहित नगर पालिका परिषद धनपुरी के पार्षद व बड़ी संख्या में उपस्थित थे।