मोहम्मद सईद
बिलासपुर 13 मार्च अभीतक। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में 12 एवं 13 मार्च को मंडल स्तर पर दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) की बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य रेलवे संगठन के मान्यता प्राप्त संगठन रेलवे मजदूर कांग्रेस के प्रतिनिधियों एवं प्रबंधन के मध्य विचार विमर्शों के द्वारा संगठन की उत्पादकता एवं कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाना होता है। इस पीएनएम बैठक की अध्यक्षता डीआरएम राजमल खोईवाल द्वारा की गई। बैठक में एडीआरएम योगेश देवांगन एवं चंद्रभूषण भी उपस्थित थे। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अंशुमान मिश्रा व मंडल कार्मिक अधिकारी रूहीना तुफैल खान ने किया।

बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिसमें पदोन्नति, कार्यस्थल की सुविधाएं, कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आवासीय सुविधाएं एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। विचार-विमर्श व सहमति पश्चात अनेक मुद्दों को क्लोज भी किया गया।
बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध हैं
पीएनएम की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एवं डीआरएम राजमल खोईवाल ने मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों को रेल कर्मचारियों से जुड़े समस्याओं को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद दिया व कहा कि रेल प्रशासन सभी कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है। हम सभी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध हैं। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस द्वारा रेल कर्मचारियों के कल्याण से संबन्धित उठाए गए सभी मुद्दो पर विधि सम्मत कार्रवाई पर ज़ोर देते हुए उन्होने आश्वस्त किया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होने बैठक में उठाये गए सभी मुद्दों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया।