More
    Homeप्रदेशप्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर भाषण एवं...

    प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ

    महावीर अग्रवाल

    मंदसौर २७  मई ; ; अभी तक ;  प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ. जे.एस. दुबे ने बताया कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा “लोकमाता अहिल्याबाई : जीवन एवं दर्शन” विषय पर भाषण तथा निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संस्था प्राचार्य डॉ. जे. एस. दुबे ने बताया है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को भारतीय इतिहास की महान विभूतियों से जोड़ना और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करना है।

    इस कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने लोकमाता अहिल्याबाई के आदर्शों, कार्यों और उनके शासनकाल की विशेषताओं पर आधारित विचारों को मंच से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने अपने भाषणों में अहिल्याबाई के सामाजिक सुधारों, न्यायप्रियता, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण और महिला सशक्तिकरण की भावना को विस्तार से रेखांकित किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में छात्रों ने उनके जीवन संघर्ष, शासन-प्रशासन, धार्मिक सहिष्णुता और जनकल्याणकारी नीतियों को उल्लेखनीय रूप से प्रस्तुत किया।

    एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार आर्य ने स्वयंसेवकों को लोकमाता के जीवन चरित्र की प्रेरक झलकियाँ बताते हुए उनके जीवन से शिक्षा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी बताया कि अहिल्याबाई केवल एक शासिका नहीं थीं, बल्कि एक महान दार्शनिक और समाज सुधारक भी थीं। एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी  डॉ. ललिता लोधा ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि भाषण प्रतियोगिता में विनय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, राहुल शर्मा को द्वितीय स्थान और पलक को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में खुशबू परिहार ने प्रथम स्थान अर्जित किया, देवांशु नलवाया को द्वितीय स्थान मिला और माया आर्य तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. अनिल कुमार आर्य, डॉ. ललित लोधा तथा प्रो. सोहन यादव शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_imgspot_img