संगोष्ठी को संबोधित करते हुए केबीनेट मंत्री चेतन्य कश्यप ने कहा कि बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचार को आगे बढ़ाना भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। भाजपा देश के संविधान को भारत की आत्मा मानती है, जबकि कांग्रेस पार्टी देश के संविधान को एक किताब मानते हैं। बाबा साहब ने दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए काम किया और कांग्रेस ने हमेशा ही बाबा साहब का अपमान किया। संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया है। कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराने के साथ हमेशा अपमानित करने का कार्य किया है। जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। कांग्रेस पार्टी ने पग-पग पर बाबा साहब को अपमानित करने का कार्य किया है। बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान का कांग्रेस ने अनेकों बार दुरुपयोग कर देश को अस्थिर करने का कुत्सित प्रयास किया। 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान का दुरुपयोग किया था। भाजपा ने बाबा साहब को सदैव सम्मान दिया। कांग्रेस ने सूर्य के भांती बाबा साहेब अंबेडकर की ऊर्जा को रोकने के लिये कई बार ग्रहण लगाने का कार्य किया है। लेकिन सूर्य की लालिमा में ग्रहण रूपी दाग ज्यादा टिक नहीं सकता है और ग्रहण के हटते ही सूर्य की भांति बाबा साहब के विचार पुरे देश में रोशनी बिखेरने का कार्य करते रहे। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सामाजिक समरसता के पर्याय थे। बाबा साहब ने अपने पूरे जीवनकाल में सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाकर आम जनता तक पहुंचाना हर भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। आज देश के प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी जी के नेतृत्व में बाबा साहब को सम्मान देने के लिए उनसे जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। आज हम सभी को बाबा साहब के विचारों को समझकर उन्हे जन-जन तक पंहुचाने का कार्य करना होगा।
उज्जैन महापौर मुकेश टेंटवाल ने कहा कि बाबा साहब एक महान विचारक और विद्वान व्यक्ति थे। बाबा साहब अंबेडकर ने जब नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया तो अपने इस्तीफे की वजहें भी लिखी थीं। लेकिन उस पत्र को गायब कर दिया गया। बाम्बे नॉर्थ से चुनाव हराने के बाद जवाहरलाल नेहरू ने लेडी माउंटबेटन को लिखे पत्र में बाबा साहब की चुनावी हार का जिक्र करते हुए लिखा था.टुडे आई एम हैप्पी। बाबा साहब एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गठन सहित वित्त आयोग और योजना आयोग के गठन का विचार भी बाबा साहब का ही था। कांग्रेस पार्टी बाबा साहब की विद्वत्ता को कभी स्वीकार नहीं कर पाई और उनको राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने के लिए कांग्रेस एवं जवाहरलाल नेहरू ने अनेकों कुप्रयास किये थे। जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को चुनाव हराने के लिए कई हथकंडे अपनाए और बाबा साहब को लोकसभा चुनाव में पराजित करवा दिया। यहां तक की मरणोपरांत बाबा साहब की अंत्येष्टि के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार और जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली में अंतिम संस्कार के लिए जमीन नहीं दी। उनका स्मारक बनाने के लिए न तो जमीन उपलब्ध कराई और स्मारक बनाने को मंजूरी भी नहीं दी। बाबा साहब के पार्थिव शरीर को ले जाने वाले विमान का किराया भी उनके परिजनों से वसूल किया गया। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है और देश में सामाजिक समरसता के रंग में हिन्दू वर्ग एकजुट हो रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन देते हुए मंचस्थ अतिथि गणों को बताया की जिला भाजपा मंदसौर द्वारा 13 अप्रैल को जिले के प्रत्येक मंडल में बाबा साहब की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन किया गया और 14 अप्रैल को बाबा साहब की जन्म जयंती पर सभी मंडलों में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता रैली के माध्यम से प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके पश्चात अजा अजजा बस्तीयों में पहुंच कर जनप्रतिनिधिगणों एंव पदाधिकारियों ने सेवा और समर्पण के कार्य करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया। आज सम्पन्न होने वाली संगोष्ठी भी बाबा साहब की जन्म जयंती कार्यक्रम अंतर्गत हो रही है। इसी प्रकार 27 अप्रैल 2025 को जिले के सभी संगठनात्मक मंडलों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम श्रवण पश्चात बाबा साहब के जीवन पर आधारित संगोष्ठीयॉं सम्पन्न होगी। हमें पूर्ण विश्वास है की जिले के समस्त मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम बाबा साहब के विचारों को बूथ स्तर तक ले जाने में सफल होगें।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम जिला प्रभारी विजय अठवाल ने किया एंव आभार अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष अशोक सूर्यवंशी ने माना।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जैन ने दी।