आनंद ताम्रकार
बालाघाट १२ मई ;अभी तक ; मुख्यमंत्री डाक्टर श्री मोहन यादव ने प्रवास के दौरान लांजी के रानी अवंतीबाई स्टेडियम में आयोजित क्रम से पूर्व पदोन्नति समारोह में बालाघाट और मंडला जिले के हाक फोर्स जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल के 64 वीर जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की।
लांजी में आयोजित यह समारोह अब तक प्रदेश का सबसे बड़ा पदोन्नती समारोह रहा है जिसमें मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने करकमलों से जवानों को बैंच लगाकर सम्मानित किया। आज के समारोह में 11 निरीक्षक, 6 उपनिरीक्षक, 8 सहायकनिरीक्षक एवं 39 प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नती प्रदान की गई है।
यह पदोन्नती रौंदा मुठभेड़ 19 फरवरी 2025 जिसमें बालाघाट हाकफोर्स ने 62 लाख के इनामी 4 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया था इस अभियान में शामिल 22 जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नती प्रदान की गई।
8 जुलाई 2024 को हाकफोर्स और जिला बल की संयुक्त कार्यवाही में 14 लाख के इनामी हार्डकोर नक्सली को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में शामिल 9 जवान पदोन्नत किये गये है। चुचरूंगपुर गिरफतारी जिसमें 5/09/2024 को 14 लाख रूपये इनामी महिला हार्डकोर नक्सली गिरफतार किये जाने पर 5 जवानों को पदोन्नती प्रदान की गई है। 2 अप्रैल 2025 मण्डला हाकफोर्स ने 28 लाख के 2 इनामी नक्सलियों को गनेरीदादर-मुण्डीदादर में हुई पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था इसमें 28 जवानों को पदोन्नती प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री डाक्टर मोहन यादव ने जलगंगा सर्वधन अभियान के तहत लांजी के राम मंदिर में स्थित 300वर्ष पुराने ऐतिहासिक बावडी का निरीक्षण किया जिसका पुनार्रोधार किया जा रहा है इसके साथ ही 2 नवीन विद्युत उपकेन्द्रों का लोकार्पण किया जिसके फलस्वरूप 58 गांव के 9750 घरेलू, 1400 कृषि तथा 28 औघोगिक कनेक्शनों को बिजली उपलब्ध कराई जायेगी।
इसके अतिरिक्त बालाघाट जिले में उन्होने 169.197 करोड की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात जिले को प्रदान की मुख्यमंत्री ने बालाघाट जोन में 850 विशेषसहयोगी दस्ता एसएसयू पदों की भर्ती की घोषणा की जिसमें स्थानीय युवकों को नक्सल विरोधी अभियानों से जुडने एवं रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन में कहा की नक्सल उन्मूलन की नीति पर मध्यप्रदेश को मार्च 2026 तक पूरी तरह नक्सल मुक्त करने के लिए कठोर कदम उठाये जायेगे उन्होंने नक्सलियों से कहा की वे आत्मसमर्पण करें अन्यथा उन्हें करारा जवाब दिया जायेगा।
उन्होंने यह भी कहा की यदि नक्सली आत्मसमर्पण करते है तो सरकार उन्हें नौकरी प्रोत्साहन राशि आवास और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें पुनर्वासित करेगी।
उन्होने हाकफोर्स तथा पुलिस की जनमैत्री अभियान की सराहना करते हुये भरोसा दिलाया की प्रदेश सरकार पुलिस बल की हर समस्या के समाधान हेतु सदैव तत्पर है।
समारोह में पुलिस के महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लक्ष्य पर बल देते हुये जवानों का मनोबल बढ़ाया तथा पदोन्नति पाने वाले पुलिस जवानों को बधाई दी।
समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह,विशेष पुलिस महानिर्देशक श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव, कलेक्टर श्री मृणाल मीणा, पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र सिंह, मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सेनानी हाक फोर्स श्री षियाज के.एम.वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहें।