महावीर अग्रवाल
मन्दसौर,नीमच 20 अप्रैल ;अभी तक ; मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज नीमच जावद में विभिन्न निर्माण कार्यो के लोकापर्ण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम मे शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सुखानंद तीर्थ स्थल को धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाया जाएगा। थड़ोद स्थित हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन किया जाएगा। सिंगोली स्थित स्वास्थ्य केंद्र का परीक्षण कर उन्नयन की कार्यवाही होगी। जावद में स्थित स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तरीय कर दिया जाएगा।
*आगामी 3 सालों में किसानों को सोलर पंप देकर बिजली के बिलों से मुक्त करेंगे*
मुख्यमंत्री ने कहां की आगामी 3 सालों में किसानों को सोलर पंप दिए जाएंगे। सोलर पंप देने से किसान बिजली के बिल से मुक्त हो जाएंगे। सरकार ने सभी को आगे बढ़ाने का काम किया है। आज विकास दर 12% गति से बढ़ रही है। मंदसौर नीमच जिले में एक भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा। सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण से प्रत्येक खेत को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। एशिया में चीते प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई है। चीते में मध्य प्रदेश ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। प्राणियों के लिए भी सरकार ने चिंता की है। चीते की मध्य प्रदेश में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। गांधीसागर में वन्य प्राणियों से लोगों को रोजगार मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इको सिस्टम अच्छा बनेगा। इसके साथ ही कार्यक्रम के अंत में 10वीं और 12वीं कक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले बालक बालिकाओं को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से लैपटॉप प्रदान किए।
*मुख्यमंत्री ने 37.11 करोड से निर्मित सांदीपनि विद्यालय जावद का लोकापर्ण किया*
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जावद में सीएम राइज स्कूल बहुत ही अद्भुत बनाया गया है। यह स्कूल सर्व सुविधा युक्त हैं। सीएम राइज विद्यालय की स्थापना की है, जो अब महर्षि सांदीपनि विद्यालय के नाम से पहचानें जा रहे हैं। सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी विश्व स्तरीय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है। सांदीपनि विद्यालयों में सर्व संसाधन युक्त अधोसंरचना विकसित की गई है। इन विद्यालयों में पूर्ण विकसित स्टीम प्रयोगशाला, वोकेशनल प्रयोगशाला, आईसीटी प्रयोगशाला, केफेटेरिया, मल्टी परपस कोर्टस, एनसीसी, स्काउट कक्ष, डान्स कक्ष, म्यूजिक कक्ष, स्मार्ट अध्यापन कक्ष, सर्व सुविधायुक्त पुस्तकालय, इन्डोर जिम्नासियम, प्री प्रायमरी कक्षाओं के लिए विशेष प्रकार के कक्ष, फर्नीचर व समस्त प्रकार की खेलकुद की सामग्री आदि की सुविधा प्रदान की गई है। इस विद्यालय में 1 कि.मी. से 15 कि.मी. दूरी से आने वाले बच्चों के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विषयवार शिक्षकों के साथ-साथ संगीत शिक्षक, नृत्य शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक, खेल शिक्षक, मनोवैज्ञानिक, केरियर काउंसलर आदि भी नियुक्त किये गये है।